कार्यक्रम में शिक्षा एवं समाजसेवा के अग्रदूतों का हुआ भव्य सम्मान
काशीपुर (कशीपुर वार्ता)। रोटरी क्लब ऑफ काशीपुर कॉर्बेट का इंस्टॉलेशन समारोह रविवार को गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ। समारोह में सेवा, नेतृत्व एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वरिष्ठ रोटेरियन राजन विद्यार्थी रहे। विशिष्ट अतिथियों में रोटेरियन संदीप मारवाह, पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर सुरुचि सक्सेना, प्रो. डॉ. दीपिका गुड़िया आत्रेय, चार्टर प्रेसिडेंट रोटेरियन अनिल घई तथा क्लब के वरिष्ठ सदस्य डॉ. अमरजीत सिंह उपस्थित रहे। क्लब के सचिव ह्राघव कपूर ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए वर्षभर की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि रोटरी क्लब ऑफ काशीपुर कॉर्बेट ने डिस्ट्रिक्ट 3110 अवॉर्ड समारोह में लगभग 10 प्रतिष्ठित पुरस्कार प्राप्त कर क्लब का गौरव बढ़ाया। वर्ष 2026–27 के लिए नई कार्यकारिणी ने पदभार ग्रहण किया। डॉ. रवि सहोता ने क्लब के अध्यक्ष के रूप में शपथ ली। उनके साथ नितिन कुमार सिंघल (उपाध्यक्ष), ह्राघव कपूर (सचिव), डॉ. विभा मेहरोत्रा (जॉइंट सेक्रेटरी एवं पब्लिक इमेज चेयर), शौर्य सूद (कोषाध्यक्ष), मिन्नी अरोड़ा (मेंबरशिप चेयर), शिवानी मेहरोत्रा (सर्विस प्रोजेक्ट्स चेयर), प्रीतपाल सिंह (सार्जेंट-एट-आर्म्स) तथा अंकित राजवंश (यंग लीडर्स कॉन्टैक्ट) ने भी अपनी-अपनी जिम्मेदारियाँ संभालीं। समारोह का एक विशेष आकर्षण शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले शिक्षकों का सम्मान रहा। समाज में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में उल्लेखनीय योगदान के लिए विद्या भूषण – आर्मी पब्लिक स्कूल, हेमपुर, मधु शर्मा – प्राचार्या, ब्राइट स्टार्ट स्कूल, मीनल बधवार प्राचार्या, गुरुकुल स्कूल फाउंडेशन, अनुज भाटिया प्राचार्य, समर स्टडी हॉल, नीरज शर्मा – वरिष्ठ शिक्षक (भौतिक विज्ञान) समेत दर्जनों शिक्षा एवं समाजसेवा के अग्रदूतों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों ने नई कार्यकारिणी को शुभकामनाएँ दीं तथा डिस्ट्रिक्ट 3110 में उत्कृष्ट प्रदर्शन और लगभग 10 पुरस्कार प्राप्त करने पर पूरे क्लब को बधाई दी। समारोह सेवा, सम्मान और सामाजिक प्रतिबद्धता की भावना के साथ सम्पन्न हुआ।
शिक्षकों का सम्मान राष्ट्र निर्माण का सम्मान : डॉ. रवि सहोता
काशीपुर (कशीपुर वार्ता)। रोटरी क्लब ऑफ कॉर्बेट काशीपुर के इंस्टॉलेशन समारोह में क्लब अध्यक्ष डॉ. रवि सहोता ने कहा कि शिक्षक समाज और राष्ट्र निर्माण की वास्तविक आधारशिला हैं। उन्होंने कहा कि एक समर्पित शिक्षक केवल विद्यार्थियों को शिक्षा ही नहीं देता, बल्कि उनमें संस्कार, अनुशासन और नैतिक मूल्यों का भी विकास करता है। ऐसे शिक्षकों का सम्मान करना रोटरी परिवार के लिए गर्व और सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि राष्ट्र की उज्ज्वल नींव शिक्षकों के समर्पण और मार्गदर्शन पर ही टिकी होती है। समारोह में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले शिक्षकों का सम्मान कर उनके प्रति आभार व्यक्त किया गया।







