ग्लोबल एजुकेशन अवॉर्ड्स 2026 में ‘एडिटर्स चॉइस’ पुरस्कार से नवाजा गया, कक्षा 12 के छात्र रुद्र प्रताप भंडारी ने जयपुर में ग्रहण किया सम्मान
काशीपुर (कशीपुर वार्ता)। शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार, रचनात्मकता और उत्कृष्ट शैक्षणिक दृष्टिकोण के लिए पहचाने जाने वाले लिटिल स्कॉलर्स, काशीपुर ने एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि अपने नाम दर्ज कराई है। विद्यालय को ग्लोबल एजुकेशन अवॉर्ड्स 2026 के अंतर्गत प्रतिष्ठित ‘इनोवेटिव स्कूल ऑफ द ईयर – एडिटर्स चॉइस’ सम्मान से अलंकृत किया गया। यह सम्मान विद्यालय की आधुनिक शिक्षण पद्धतियों, अभिनव शैक्षिक गतिविधियों और विद्यार्थियों को भविष्य की चुनौतियों के अनुरूप तैयार करने की प्रतिबद्धता का प्रतीक माना जा रहा है। यह सम्मान जयपुर स्थित होटल क्लार्क्स आमेर में आयोजित भव्य समारोह के दौरान प्रदान किया गया। विद्यालय की ओर से कक्षा 12 के प्रतिभाशाली छात्र रुद्र प्रताप भंडारी ने मंच पर यह प्रतिष्ठित पुरस्कार ग्रहण किया। समारोह में देशभर के शिक्षाविदों, विद्यालय प्रतिनिधियों और शिक्षा विशेषज्ञों की उपस्थिति रही, जिसके बीच लिटिल स्कॉलर्स को मिला यह सम्मान काशीपुर के लिए भी गौरव का विषय बन गया।
विद्यालय प्रबंधन एवं प्रधानाचार्या शिखा गौतम ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान केवल विद्यालय का नहीं, बल्कि विद्यार्थियों, शिक्षकों, अभिभावकों और समूचे विद्यालय परिवार के सामूहिक समर्पण, परिश्रम और नवाचारपूर्ण सोच का परिणाम है। उन्होंने कहा कि लिटिल स्कॉलर्स सदैव ऐसी शिक्षा व्यवस्था विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध रहा है, जो बच्चों में रचनात्मकता, नेतृत्व क्षमता, वैज्ञानिक दृष्टिकोण और सामाजिक उत्तरदायित्व का विकास करे।
प्रधानाचार्या शिखा गौतम ने विद्यालय परिवार को बधाई देते हुए भविष्य में भी नवाचार और उत्कृष्टता की दिशा में निरंतर आगे बढ़ने का आह्वान किया। इस उपलब्धि के बाद विद्यालय परिसर में उत्साह और हर्ष का वातावरण है। शिक्षा जगत से जुड़े विभिन्न संगठनों और अभिभावकों ने भी विद्यालय को इस प्रतिष्ठित सम्मान के लिए शुभकामनाएं दी हैं। यह उपलब्धि लिटिल स्कॉलर्स, काशीपुर की गुणवत्तापूर्ण, आधुनिक और भविष्यपरक शिक्षा के प्रति अटूट प्रतिबद्धता को नई पहचान प्रदान करती है।





