देशभक्ति, गौरव और एकता के रंग में रंगा होली एंजेल पब्लिक स्कूल का 80वाँ स्वतंत्रता दिवस समारोह

ध्वजारोहण के साथ गूंजा राष्ट्रगान, विद्यार्थियों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां; राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय चेतना का दिया प्रेरक संदेश

 

काशीपुर (कशीपुर वार्ता)। होली एंजेल पब्लिक स्कूल, काशीपुर में 80वाँ स्वतंत्रता दिवस समारोह अत्यंत भव्य, गरिमामय और राष्ट्रभक्ति के उत्साहपूर्ण वातावरण में मनाया गया। विद्यालय परिसर तिरंगे की शान, देशभक्ति के नारों और राष्ट्रीय गौरव की भावना से सराबोर दिखाई दिया। समारोह में विद्यार्थियों, शिक्षकों, अभिभावकों और अतिथियों की उल्लेखनीय उपस्थिति ने आयोजन को विशेष गरिमा प्रदान की।

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की सम्मानित मुख्य अतिथि, सह-अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक लक्ष्मी सिंह तथा विद्यालय की संरक्षिका देवंती देवी द्वारा संयुक्त रूप से राष्ट्रीय ध्वज फहराकर किया गया। ध्वजारोहण के पश्चात उपस्थित सभी अतिथियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं कर्मचारियों ने राष्ट्रगान के साथ तिरंगे को सलामी दी और राष्ट्र के प्रति अपनी अटूट श्रद्धा एवं सम्मान व्यक्त किया। समारोह के दौरान विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत गीत, नृत्य, भाषण, समूह प्रस्तुतियां और अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर स्वतंत्रता सेनानियों के अद्वितीय बलिदान, भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत तथा राष्ट्रीय एकता और अखंडता का प्रभावशाली संदेश दिया। विद्यार्थियों की सशक्त और भावपूर्ण प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमूह को भावविभोर कर दिया और पूरा सभागार “भारत माता की जय” तथा “जय हिन्द” के उद्घोष से गूंज उठा।।विद्यालय परिवार ने कार्यक्रम की सफलता का श्रेय समर्पित समन्वयकों, शिक्षकों, गतिविधि प्रभारियों, संगीत एवं नृत्य शिक्षकों, प्रशासनिक टीम तथा सहयोगी कर्मचारियों के सामूहिक प्रयासों को दिया। सभी ने अनुशासन, समर्पण, उत्कृष्ट समन्वय और टीम भावना के साथ समारोह को यादगार स्वरूप प्रदान किया।

विद्यालय के निदेशक-प्रधानाचार्य सुबोध कुमार सिंह ने सभी सम्मानित अतिथियों, अभिभावकों, विद्यार्थियों एवं कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों में देशप्रेम, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, सामाजिक उत्तरदायित्व और राष्ट्रीय चेतना को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। विद्यालय परिवार ने “हमारा तिरंगा हमारी आन, हमारी शान और हमारी पहचान है” की भावना के साथ राष्ट्र के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए सभी को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

स्वतंत्रता केवल अधिकार नहीं, राष्ट्र के प्रति कर्तव्यों की भी याद दिलाती है : अमित सिंह

काशीपुर (कशीपुर वार्ता)। होली एंजेल पब्लिक स्कूल के चेयरमैन अमित सिंह ने स्वतंत्रता दिवस समारोह के अवसर पर विद्यार्थियों को स्वतंत्रता के वास्तविक अर्थ को समझने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि आजादी केवल अधिकारों का प्रतीक नहीं है, बल्कि यह राष्ट्र के प्रति हमारे कर्तव्यों और जिम्मेदारियों का भी बोध कराती है। उन्होंने विद्यार्थियों से भारतीय संविधान, राष्ट्रीय मूल्यों और लोकतांत्रिक आदर्शों का सम्मान करने का आह्वान करते हुए उन्हें एक जिम्मेदार, संवेदनशील एवं राष्ट्रनिर्माण में सक्रिय नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया। श्री सिंह ने कहा कि देश की प्रगति में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है और अनुशासन, ईमानदारी, परिश्रम तथा सेवा भावना के माध्यम से ही सशक्त भारत के निर्माण में सार्थक योगदान दिया जा सकता है।

👁 1,218 Views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *