निर्मल आई इंस्टीट्यूट, ऋषिकेश से पहुंचे नेत्र विशेषज्ञों की टीम ने 150 वाहन चालकों व आमजन की आंखों की जांच की
काशीपुर (कशीपुर वार्ता)। परिवहन विभाग काशीपुर की ओर से एआरटीओ कार्यालय में वाहन चालकों एवं आमजन के लिए निशुल्क नेत्र परीक्षण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में करीब 150 लोगों की आंखों की जांच की गई। बुधवार को आयोजित शिविर का निर्देशन एआरटीओ प्रवर्तन काशीपुर संदीप वर्मा ने किया। शिविर में निर्मल आई इंस्टीट्यूट, ऋषिकेश से पहुंचे नेत्र विशेषज्ञों की टीम ने प्रतिभागियों की आंखों की जांच की। टीम में वसीम अहमद, मनोज एवं सुखबीर शामिल रहे। जांच के दौरान दृष्टि संबंधी समस्या पाए जाने पर जरूरतमंद लोगों को निशुल्क चश्मे भी वितरित किए गए। शिविर में वाहन चालकों ने उत्साह के साथ भाग लिया। इस दौरान उन्हें नेत्र स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करते हुए वाहन चलाते समय दृष्टि की स्पष्टता और स्वास्थ्य की अहमियत के बारे में जानकारी दी गई। एआरटीओ प्रवर्तन संदीप वर्मा ने कहा कि परिवहन विभाग सड़क सुरक्षा को लेकर लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर रहा है। वाहन चालकों के स्वास्थ्य से जुड़े ऐसे जनहितकारी कार्यक्रम भविष्य में भी जारी रखे जाएंगे। शिविर के आयोजन में परिवहन कर अधिकारी नंदन आर्य, जगदीश चंद्र, अनिल कुमार, सचिन कुमार, जयंत वशिष्ठ तथा प्रवर्तन कार्मिक अरविंद सिंह, निशा राणा, सोनिया, कैलाश चंद्र और गजेंद्र सहित विभागीय कर्मचारियों ने सहयोग किया। परिवहन विभाग के अनुसार शिविर का उद्देश्य वाहन चालकों में स्वास्थ्य एवं नेत्र सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ सुरक्षित वाहन संचालन को प्रोत्साहित करना और सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम में सहयोग करना रहा।


