विद्यालय परिवार की ओर से डॉ. प्रेरणा जोशी का स्वागत एवं सम्मान भी किया गया
काशीपुर (कशीपुर वार्ता)। होली एंजेल पब्लिक स्कूल खरमासा, कशीपुर में आज विद्यार्थियों के स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विशेष दंत स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में प्रख्यात दंत चिकित्सक डॉ. प्रेरणा जोशी द्वारा विद्यार्थियों का दंत परीक्षण किया गया तथा उन्हें दाँतों की नियमित देखभाल, मौखिक स्वच्छता एवं स्वस्थ जीवनशैली के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई। दंत स्वास्थ्य परीक्षण की शुरुआत प्री-नर्सरी एवं नर्सरी कक्षाओं के नन्हे विद्यार्थियों से हुई, जिसके बाद कक्षा 1 से 11 तक के विद्यार्थियों का क्रमबद्ध रूप से स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। डॉ. जोशी ने विद्यार्थियों को नियमित ब्रश करने की सही विधि, दाँतों की स्वच्छता बनाए रखने, अत्यधिक मीठे एवं जंक फूड के सेवन से बचने तथा समय-समय पर दंत चिकित्सक से परामर्श लेने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर विद्यालय परिवार की ओर से डॉ. प्रेरणा जोशी का स्वागत एवं सम्मान भी किया गया। विद्यार्थियों के साथ उनका संवादात्मक एवं ज्ञानवर्धक सत्र विशेष रूप से प्रेरणादायक रहा, जिसमें उन्होंने सरल एवं सहज तरीके से दंत स्वास्थ्य से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ साझा कीं।
विद्यालय के निदेशक-प्रधानाचार्य सुबोध कुमार सिंह ने कहा कि विद्यार्थियों का शारीरिक स्वास्थ्य, व्यक्तिगत स्वच्छता एवं स्वास्थ्य-जागरूकता उनके समग्र विकास का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसी उद्देश्य से विद्यालय समय-समय पर ऐसे स्वास्थ्य-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करता रहा है। उन्होंने बताया कि दंत स्वास्थ्य परीक्षण को सफल बनाने में विद्यालय के शिक्षकों, कोऑर्डिनेटर्स एवं शिवांगी मैम का सहयोग एवं समन्वय महत्वपूर्ण रहा। विद्यालय प्रन्धन की यह पहल विद्यार्थियों में “स्वस्थ दाँत, स्वस्थ मुस्कान और स्वस्थ जीवन” के प्रति जागरूकता विकसित करने की दिशा में एक सार्थक कदम रही।
स्वस्थ दांत, स्वस्थ मुस्कान ही बेहतर स्वास्थ्य की पहचान : चेयरमैन अमित सिंह
काशीपुर (कशीपुर वार्ता)। होली एंजेल पब्लिक स्कूल खरमासा के विद्यालय प्रबन्धक अमित सिंह ने कहा कि विद्यार्थियों के समग्र विकास में शिक्षा के साथ-साथ स्वास्थ्य और व्यक्तिगत स्वच्छता का भी महत्वपूर्ण स्थान है। दंत स्वास्थ्य को लेकर बचपन से जागरूकता विकसित करना बेहद आवश्यक है, क्योंकि स्वस्थ दांत न केवल सुंदर मुस्कान देते हैं, बल्कि अच्छे स्वास्थ्य और आत्मविश्वास का आधार भी बनते हैं। उन्होंने कहा कि विद्यालय में आयोजित दंत स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का उद्देश्य विद्यार्थियों को दांतों की नियमित देखभाल, सही तरीके से ब्रश करने और मौखिक स्वच्छता के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने विद्यार्थियों से अत्यधिक मीठे पदार्थों एवं जंक फूड से बचने तथा नियमित रूप से दंत चिकित्सक की सलाह लेने का आह्वान किया। अमित सिंह ने दंत परीक्षण के लिए डॉ. प्रेरणा जोशी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रम विद्यार्थियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने शिक्षकों और सहयोगी स्टाफ के प्रयासों की भी सराहना की।







