पीरुमदारा में नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को किया जागरूक, शिक्षकों ने भी लिया स्वच्छता का संकल्प
काशीपुर (काशीपुर वार्ता)। गांधी जयंती से एक दिन पूर्व गुरुवार को स्ट्रैटन वर्ल्ड स्कूल काशीपुर के विद्यार्थियों ने स्वच्छता अभियान चलाकर ‘स्वच्छ भारत-स्वस्थ भारत’ का संदेश दिया। विद्यालय परिसर के आंगन की साफ-सफाई करने के साथ ही विद्यार्थियों ने लोगों को अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ एवं स्वस्थ रखने के लिए जागरूक किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने संदेश दिया कि स्वस्थ जीवन के लिए स्वच्छ वातावरण बेहद जरूरी है। स्वच्छ वायु, स्वच्छ जल, स्वच्छ घर-आंगन, स्वच्छ शहर और स्वच्छ देश के साथ स्वच्छ विश्व की परिकल्पना तभी साकार हो सकती है, जब प्रत्येक नागरिक स्वच्छता को अपनी जिम्मेदारी समझे। इसी क्रम में विद्यालय के होनहार बालक-बालिकाओं ने विद्यालय की गतिविधियों से बाहर निकलकर पीरुमदारा क्षेत्र में ‘स्वच्छ भारत-स्वस्थ भारत’ विषय पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। नाटक के माध्यम से विद्यार्थियों ने स्वच्छता के महत्व, गंदगी से होने वाले नुकसान तथा सार्वजनिक स्थानों को साफ रखने की जिम्मेदारी के प्रति लोगों को जागरूक किया। स्थानीय लोगों ने बच्चों की प्रस्तुति की सराहना की। कार्यक्रम के दौरान नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने थिएटर में फिल्म का आनंद भी लिया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य सुरेंद्र भारद्वाज ने विद्यार्थियों के प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि जिम्मेदार नागरिक ही उन्नत राष्ट्र की आधारशिला होते हैं। अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ एवं साफ रखना प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों ने अपने प्रयासों के माध्यम से समाज को स्वच्छता का महत्वपूर्ण संदेश दिया है। इस अवसर पर विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भी स्वच्छता अभियान में सहभागिता करते हुए विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। विद्यालय परिवार ने विश्व के स्वच्छ, स्वस्थ और सुंदर बने रहने की कामना की।
स्वच्छता को आदत बनाएं, तभी स्वस्थ समाज का निर्माण संभव: प्रबंधिका हरप्रीत कौर
काशीपुर (काशीपुर वार्ता)। विद्यालय की प्रबंधिका हरप्रीत कौर ने कहा कि स्वच्छता केवल किसी एक दिन या अभियान तक सीमित रहने वाला विषय नहीं है, बल्कि यह हमारे जीवन का अभिन्न हिस्सा होना चाहिए। गांधी जयंती की पूर्व संध्या पर स्ट्रैटन वर्ल्ड स्कूल के विद्यार्थियों द्वारा चलाया गया स्वच्छता अभियान इसी सोच को समाज तक पहुंचाने का एक सार्थक प्रयास है। बच्चों ने विद्यालय परिसर की सफाई करने के साथ-साथ पीरुमदारा क्षेत्र में नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया, यह अत्यंत सराहनीय है। उन्होंने कहा कि बच्चों में छोटी उम्र से ही स्वच्छता, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित की जाए तो वे भविष्य में जिम्मेदार नागरिक बनकर देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। स्वच्छ वातावरण स्वस्थ जीवन की पहली आवश्यकता है। विद्यालय परिवार का प्रयास है कि शिक्षा के साथ विद्यार्थियों में सेवा, संस्कार और सामाजिक दायित्व की भावना भी विकसित हो।
बच्चों में संस्कार और सामाजिक जिम्मेदारी विकसित करना शिक्षा का उद्देश्य: सह- प्रबंधिका शिरीन सैनी
कशीपुर (काशीपुर वार्ता)। विद्यालय की सह-प्रबंधिका शिरीन सैनी ने कहा कि स्वच्छ भारत का सपना तभी साकार हो सकता है, जब प्रत्येक व्यक्ति स्वच्छता को अपनी जिम्मेदारी समझकर उसका पालन करे। स्ट्रैटन वर्ल्ड स्कूल के विद्यार्थियों ने गांधी जयंती से पूर्व स्वच्छता अभियान के माध्यम से जिस जागरूकता का संदेश दिया है, वह समाज के लिए प्रेरणादायी है। बच्चों द्वारा पीरुमदारा में प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक ने स्वच्छता के महत्व को सरल और प्रभावी ढंग से लोगों तक पहुंचाया। बच्चों की सक्रिय भागीदारी यह दर्शाती है कि आज की युवा पीढ़ी केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक सरोकारों को भी समझ रही है। उन्होने कहा हमारा उद्देश्य विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा देने के साथ उन्हें संवेदनशील, अनुशासित और जिम्मेदार नागरिक बनाना भी है। स्वच्छता की शुरुआत हमारे अपने घर, विद्यालय और आसपास के वातावरण से होती है। यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने दायित्व का ईमानदारी से निर्वहन करे तो स्वच्छ एवं स्वस्थ समाज का निर्माण निश्चित रूप से संभव है।






