‘मन की आवाज प्रतिज्ञा’ फेम पूजा गौर होंगी मुख्य सेलिब्रिटी गेस्ट, शाम 5:30 बजे से सजेगा संगीत, गरबा और डांडिया का रंगारंग उत्सव
काशीपुर (काशीपुर वार्ता)। नवरात्रि के उल्लास, संगीत की मधुर धुनों और डांडिया-गरबा की थिरकन के बीच ज्ञानार्थी कॉलेज की बहुप्रतीक्षित ‘ज्ञानार्थी डांडिया नाइट-2026’ आज, 16 अक्टूबर शुक्रवार को शाम 5:30 बजे से आयोजित होगी। इस बार कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण फिल्म एवं टेलीविजन अभिनेत्री पूजा गौर होंगी, जो मुख्य सेलिब्रिटी गेस्ट के रूप में आयोजन की रौनक बढ़ाएंगी। लोकप्रिय टीवी धारावाहिक ‘मन की आवाज प्रतिज्ञा’ में प्रतिज्ञा की भूमिका निभाकर घर-घर में पहचान बनाने वाली पूजा गौर की मौजूदगी को लेकर विद्यार्थियों और डांडिया प्रेमियों में खासा उत्साह है। ज्ञानार्थी कॉलेज परिसर में आयोजित होने वाली इस रंगारंग शाम में नवरात्रि की पारंपरिक संस्कृति, संगीत, नृत्य और मनोरंजन का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। पारंपरिक परिधानों में सजे प्रतिभागी डांडिया और गरबा की मनमोहक प्रस्तुतियों के साथ उत्सव के रंग में सराबोर नजर आएंगे। कार्यक्रम को आकर्षक और यादगार बनाने के लिए कॉलेज प्रबंधन की ओर से विशेष तैयारियां की गई हैं।
कॉलेज की सचिव शिवानी मेहरोत्रा ने बताया कि ज्ञानार्थी डांडिया नाइट प्रत्येक वर्ष विद्यार्थियों के लिए उत्साह, उमंग और सांस्कृतिक अभिव्यक्ति का विशेष अवसर बनती है। इस बार अभिनेत्री पूजा गौर की उपस्थिति आयोजन को और भी खास बनाएगी।
कॉलेज के अकेडमिक डायरेक्टर डॉ. मनोज मिश्रा के अनुसार, कार्यक्रम में संगीत और नृत्य के साथ मनोरंजन की विविध गतिविधियां भी शामिल रहेंगी। आज शाम 5:30 बजे से शुरू होने वाली यह डांडिया नाइट नवरात्रि के उल्लास को यादगार बनाने के साथ ही विद्यार्थियों और शहरवासियों को संगीत, संस्कृति और मनोरंजन से जुड़ने का विशेष अवसर प्रदान करेगी। कॉलेज परिसर में होने वाले इस आयोजन को भव्य स्वरूप देने के लिए तैयारियां पूरी हो चुकी हैं।


