सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से दिया सत्य और सदाचार का संदेश, फूड स्टॉल लगाकर सीखे उद्यमिता के गुर
काशीपुर (काशीपुर वार्ता)। जीडी गोयनका पब्लिक स्कूल, काशीपुर में दशहरा पर्व हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से बुराई पर अच्छाई और असत्य पर सत्य की विजय का संदेश दिया। वहीं, विभिन्न फूड स्टॉल के जरिए विद्यार्थियों ने उद्यमिता, टीम भावना और प्रबंधन के व्यावहारिक गुर भी सीखे।
कार्यक्रम का शुभारंभ नन्हे विद्यार्थियों द्वारा दशहरा पर्व के महत्व पर प्रकाश डालने के साथ हुआ। विद्यार्थियों को बताया गया कि दशहरा अधर्म पर धर्म और बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक है। इस दौरान विद्यार्थियों ने भगवान श्रीराम के आगमन पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुति दी। भाषणों और विभिन्न सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से सत्य, साहस, सदाचार और नैतिक मूल्यों का संदेश दिया गया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रावण दहन रहा, जिसे देखकर विद्यार्थियों में खासा उत्साह दिखाई दिया। विद्यालय की प्रधानाचार्या मधुमिता बनर्जी ने विद्यार्थियों को सकारात्मक सोच अपनाने और सत्य, ईमानदारी व सदाचार के मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजन विद्यार्थियों में भारतीय संस्कृति, संस्कारों और नैतिक मूल्यों के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। दशहरा उत्सव के अवसर पर विद्यालय परिसर में विद्यार्थियों ने विभिन्न फूड स्टॉल भी लगाए। इन स्टॉलों के माध्यम से विद्यार्थियों ने खाद्य पदार्थ तैयार करने, उनकी आकर्षक प्रस्तुति करने और बिक्री करने का व्यावहारिक अनुभव हासिल किया। इस गतिविधि ने विद्यार्थियों की रचनात्मकता, आत्मनिर्भरता, टीम भावना और उद्यमशीलता को प्रोत्साहित किया। साथ ही उन्हें व्यापार और प्रबंधन की बुनियादी समझ विकसित करने का अवसर मिला। इस तरह दशहरा उत्सव विद्यार्थियों के लिए मनोरंजन के साथ सीखने का भी माध्यम बना। एक ओर उन्होंने भारतीय संस्कृति और नैतिक आदर्शों को समझा, तो दूसरी ओर व्यावहारिक गतिविधियों के माध्यम से उद्यमिता के गुणों को आत्मसात किया। कार्यक्रम में सभी कोऑर्डिनेटर्स सहित शैक्षणिक और गैर-शैक्षणिक कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने विद्यार्थियों के उत्साह, रचनात्मकता और प्रयासों की सराहना की। पूरा विद्यालय परिसर उत्सव, उमंग और सकारात्मक ऊर्जा से सराबोर रहा।



