जसपुर की टीम ने जीती ट्रॉफी, नानकमत्ता दूसरे और काशीपुर तीसरे स्थान पर रहा
काशीपुर (कशीपुर वार्ता)। एक ओंकार ग्लोबल एकेडमी, काशीपुर में रविवार, 20 सितंबर को इंटर स्कूल फ्लोर कर्लिंग चैंपियनशिप 2026 का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का शुभारंभ एकेडमी के चेयरमैन सुखविंदर सिंह ने फीता काटकर किया। प्रतियोगिता में जसपुर, काशीपुर, बाजपुर, रुद्रपुर, सितारगंज और नानकमत्ता सहित विभिन्न क्षेत्रों के विद्यालयों से कुल 85 खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने अनुशासन, उत्साह और खेल भावना का परिचय देते हुए शानदार प्रदर्शन किया। रोमांचक मुकाबलों के बाद जसपुर की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त कर ट्रॉफी अपने नाम की, जबकि नानकमत्ता की टीम द्वितीय और काशीपुर की टीम तृतीय स्थान पर रही। इस अवसर पर अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि विद्यालय स्तर पर आयोजित खेल प्रतियोगिताएं बच्चों में अनुशासन, टीम भावना, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए खेलों में निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
उत्तराखंड फ्लोर कर्लिंग एसोसिएशन के डायरेक्टर मुकेश कुमार ने फ्लोर कर्लिंग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह शीतकालीन ओलंपिक से जुड़ा प्रमुख खेल है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने और खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए बेहतर मंच प्रदान करती हैं। आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य विद्यालय स्तर पर फ्लोर कर्लिंग खेल को बढ़ावा देना और युवा प्रतिभाओं को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर उपलब्ध कराना है। प्रतियोगिता के सफल आयोजन पर विद्यालय प्रबंधन, आयोजकों, प्रशिक्षकों, निर्णायकों और सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों का आभार व्यक्त किया गया। इस अवसर पर उत्तराखंड फ्लोर कर्लिंग एसोसिएशन के जनरल सेक्रेटरी राज सिंह, कोषाध्यक्ष आकाश सिंह और अध्यक्ष रंजीत सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
खेल प्रतिभाओं को मंच देना हमारी प्राथमिकता : सुखविंदर सिंह
काशीपुर (काशीपुर वार्ता)। एक ओंकार ग्लोबल एकेडमी के चेयरमैन सुखविंदर सिंह ने इंटर स्कूल फ्लोर कर्लिंग चैंपियनशिप 2026 के सफल आयोजन पर सभी खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, निर्णायकों और आयोजकों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। पढ़ाई के साथ खेलों में सहभागिता बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और निर्णय लेने की क्षमता को मजबूत करती है। उन्होंने कहा कि एकेडमी का उद्देश्य विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ खेलों के क्षेत्र में भी बेहतर अवसर और सुविधाएं उपलब्ध कराना है। फ्लोर कर्लिंग जैसे खेलों को विद्यालय स्तर पर बढ़ावा देने से नई प्रतिभाओं को अपनी क्षमता दिखाने और आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा। सुखविंदर सिंह ने कहा कि प्रतियोगिता में विभिन्न क्षेत्रों से खिलाड़ियों की भागीदारी उत्साहजनक है। उन्होंने विजेता टीमों सहित सभी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा कि जीत और हार से अधिक महत्वपूर्ण खेल भावना, अनुशासन और निरंतर प्रयास है। एकेडमी भविष्य में भी ऐसे आयोजनों को प्रोत्साहित करती रहेगी।





