स्कूल प्रबंधन की तहरीर पर किसान नेता समेत पांच के खिलाफ मुकदमा

विद्यालय में घुसकर अभद्रता, धमकी और एक लाख रुपये प्रतिमाह मांगने का आरोप; पुलिस ने दर्ज किया केस

काशीपुर (कशीपुर वार्ता)। ग्राम बरखेड़ी स्थित एक ओंकार ग्लोबल एकेडमी के प्रधानाचार्य की तहरीर पर आईटीआई थाना पुलिस ने किसान नेता जितेन्द्र सिंह जीतू एवं एक अज्ञात समेत पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। स्कूल प्रबंधन ने आरोप लगाया है कि कुछ लोग बिना अनुमति विद्यालय परिसर में घुसे, स्टाफ से अभद्रता की, पठन-पाठन प्रभावित किया और धमकी दी। तहरीर में विद्यालय संचालन के एवज में कथित तौर पर एक लाख रुपये प्रतिमाह की मांग किए जाने का भी आरोप लगाया गया है।
प्रधानाचार्य जेएस जॉनसन पुत्र हेम सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि विद्यालय में अध्ययनरत कक्षा छह के एक छात्र के पिता हरप्रीत सिंह द्वारा पिछले छह माह से फीस जमा नहीं की गई है। वहीं, नर्सरी और कक्षा दो में पढ़ने वाले छात्रों के पिता परमवीर सिंह की ओर से भी काफी समय से फीस जमा नहीं की गई। विद्यालय प्रबंधन के अनुसार, मौखिक एवं संदेश के माध्यम से फीस जमा करने का आग्रह किए जाने के बावजूद भुगतान नहीं किया गया।
विद्यालय में घुसकर हंगामा करने का आरोप
तहरीर के अनुसार, 14 सितंबर 2026 को दोपहर करीब दो बजे हरप्रीत सिंह, परमवीर सिंह, जितेन्द्र सिंह जीतू, कुलदीप सिंह सहित कुछ अन्य लोग विद्यालय परिसर में पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने गेट पर तैनात सुरक्षा गार्ड को धक्का देकर परिसर में प्रवेश किया तथा रिसेप्शन पर मौजूद युवती से अभद्रता की। स्कूल प्रबंधन ने आरोप लगाया कि इस दौरान पठन-पाठन का कार्य प्रभावित हुआ और धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली टिप्पणियां भी की गईं।
तहरीर में नाबालिग छात्राओं और स्टाफ को धमकी दिए जाने तथा विद्यालय में तोड़फोड़ करने की चेतावनी देने का भी आरोप लगाया गया है। प्रधानाचार्य ने पुलिस से विद्यालय एवं स्टाफ की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।
एक लाख रुपये प्रतिमाह मांगने का आरोप
विद्यालय प्रबंधन ने तहरीर में आरोप लगाया कि घटना के बाद जितेन्द्र सिंह जीतू द्वारा विभिन्न माध्यमों से स्कूल प्रबंधन से एक लाख रुपये प्रतिमाह की मांग की जा रही है। आरोप है कि कहा गया कि क्षेत्र में विद्यालय संचालित करना है तो प्रतिमाह उक्त राशि देनी होगी।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर जितेन्द्र सिंह जीतू, हरप्रीत सिंह, परमवीर सिंह, कुलदीप सिंह और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ बीएनएस की धारा 329, 351(3) और 352 के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले में लगाए गए आरोपों की पुलिस जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।

👁 1,241 Views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *