होली एंजेल पब्लिक स्कूल को मिला अनुभवी शिक्षाविद् सुबोध कुमार सिंह का नेतृत्व

सुबोध कुमार सिंह ने निदेशक-प्रधानाचार्य का संभाला पदभार, 35 वर्षों के शैक्षणिक अनुभव से विद्यालय को नई दिशा मिलने की उम्मीद

काशीपुर(काशीपुर वार्ता)। काशीपुर के ग्राम खरमासा स्थित होली एंजेल पब्लिक स्कूल में आज सोमवार को अनुभवी शिक्षाविद् सुबोध कुमार सिंह ने निदेशक-प्रधानाचार्य के रूप में कार्यभार ग्रहण किया। विद्यालय प्रबंधन ने उनका गर्मजोशी से स्वागत करते हुए उनके नेतृत्व में संस्थान के शैक्षणिक विकास और नई उपलब्धियों की उम्मीद जताई है। विद्यालय की प्रशासनिक निदेशक दीपिका अग्रवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि सुबोध कुमार सिंह को सीबीएसई, आईएससी और आईजीसीएसई से संबद्ध प्रतिष्ठित विद्यालयों में शिक्षण और शैक्षणिक प्रशासन का 35 से अधिक वर्षों का समृद्ध अनुभव प्राप्त है। वे इससे पूर्व प्रधानाचार्य, निदेशक (एकेडमिक्स) तथा वरिष्ठ भौतिकी शिक्षक जैसे महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएँ दे चुके हैं। इस अवसर पर विद्यालय के चेयरमैन अमित सिंह, प्रशासन निदेशक दीपिका अग्रवाल तथा ज्ञानार्थी कॉलेज, काशीपुर के निदेशक (एकेडमिक्स) डॉ. मनोज मिश्रा ने उनका स्वागत करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि उनके अनुभव, दूरदर्शी नेतृत्व और शैक्षणिक दृष्टि से विद्यालय नई ऊँचाइयों को प्राप्त करेगा।
सुबोध कुमार सिंह एक प्रतिष्ठित शिक्षाविद् एवं कुशल शैक्षणिक प्रशासक के रूप में जाने जाते हैं। अपने लंबे कार्यकाल में उन्होंने अनेक संस्थानों में शैक्षणिक उत्कृष्टता और संस्थागत विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उनके मार्गदर्शन में कई विद्यालयों ने शैक्षणिक गुणवत्ता और प्रशासनिक व्यवस्था के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति हासिल की है। सीबीएसई द्वारा भी उन्हें कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियाँ सौंपी जा चुकी हैं। इनमें डिप्टी सिटी कोऑर्डिनेटर, डिप्टी डिस्ट्रिक्ट ट्रेनिंग कोऑर्डिनेटर, चीफ नोडल ऑफिसर, सीबीएसई ऑब्जर्वर तथा सीबीएसई एफिलिएशन कमेटी, नई दिल्ली के सदस्य जैसे प्रतिष्ठित दायित्व शामिल हैं। शिक्षा के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए उन्हें वर्ष 2008 में “शिक्षा रत्न पुरस्कार” तथा 2012 में “बेस्ट एजुकेशनिस्ट अवार्ड” से सम्मानित किया जा चुका है। इसके अलावा वर्ष 2025 में उत्तराखंड के शिक्षा मंत्री द्वारा भी उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। विद्यालय परिवार ने विश्वास व्यक्त किया कि सुबोध कुमार सिंह के विशाल अनुभव, मार्गदर्शन और नेतृत्व में होली एंजेल पब्लिक स्कूल शैक्षणिक उत्कृष्टता के नए आयाम स्थापित करेगा तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धियाँ हासिल करेगा

👁 992 Views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *