छात्र-छात्राओं ने लाइव टीवी शो में दिखाया हुनर, विशेषज्ञों ने की सराहना
काशीपुर (काशीपुर वार्ता) । ज्ञानार्थी कॉलेज, काशीपुर के पत्रकारिता एवं जनसंचार तथा एनीमेशन एवं डिज़ाइन विभाग के विद्यार्थियों ने बुधवार, 18 मार्च को एक दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण के अंतर्गत दूरदर्शन, नई दिल्ली का शैक्षणिक दौरा किया। यह भ्रमण विद्यार्थियों के लिए न केवल ज्ञानवर्धक रहा, बल्कि उनके व्यावसायिक विकास की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ। दौरे के दौरान विद्यार्थियों को टेलीविजन इंडस्ट्री की कार्यप्रणाली को नजदीक से समझने का अवसर मिला। उन्होंने स्टूडियो संचालन, कैमरा सेटअप, प्रोडक्शन कंट्रोल रूम और एंकरिंग से जुड़ी तकनीकी प्रक्रियाओं का गहन अवलोकन किया। इस प्रत्यक्ष अनुभव ने उन्हें मीडिया प्रोडक्शन की बारीकियों से परिचित कराया और उनके सैद्धांतिक ज्ञान को व्यवहारिक रूप से मजबूत किया। भ्रमण का विशेष आकर्षण ‘अपना मुल्क अपना आईन’ नामक लाइव टेलीविजन शो में विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी रही। इस दौरान छात्रों ने समसामयिक विषयों पर आत्मविश्वास के साथ अपने विचार प्रस्तुत किए, जिसकी कार्यक्रम से जुड़े विशेषज्ञों ने खुलकर सराहना की। इस मंच ने विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ पेशेवर माहौल में कार्य करने का महत्वपूर्ण अनुभव प्रदान किया। यह शैक्षणिक भ्रमण कॉलेज प्रबंधन के मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। विद्यार्थियों के साथ पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग से सादिया नूर तथा एनीमेशन एवं डिज़ाइन विभाग से कुलदीप गंगोला फैकल्टी के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने पूरे भ्रमण के दौरान छात्रों का मार्गदर्शन किया और उन्हें विभिन्न तकनीकी पहलुओं से अवगत कराया। कॉलेज के चेयरमैन संतोष मेहरोत्रा ने कहा कि इस प्रकार के शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों के समग्र विकास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने बताया कि मास कम्युनिकेशन और एनीमेशन जैसे कौशल-आधारित पाठ्यक्रमों के विद्यार्थियों के लिए दिल्ली जैसे महानगर में मीडिया संस्थानों का अनुभव उन्हें इंडस्ट्री के लिए बेहतर रूप से तैयार करता है। वहीं कॉलेज की सचिव शिवानी महरोत्रा, संस्थान प्रमुख प्रतिमा सिंह एवं अकादमिक निदेशक डॉ. मनोज मिश्रा ने भविष्य में भी ऐसे शैक्षणिक भ्रमण आयोजित करने की प्रतिबद्धता जताई। उन्होंने कहा कि संस्थान विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण एवं व्यावहारिक शिक्षा प्रदान करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। इस अवसर पर कॉलेज के प्रयासों की अभिभावकों द्वारा भी सराहना की गई। उन्होंने इस सफल एवं उपयोगी आयोजन के लिए कॉलेज प्रबंधन का आभार व्यक्त किया। यह भ्रमण विद्यार्थियों के लिए एक यादगार अनुभव साबित हुआ, जिसने उनके शैक्षणिक ज्ञान के साथ-साथ व्यावसायिक समझ को भी नई दिशा प्रदान की।
