23 से 28 मार्च तक चली खेल प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने जोश और खेल भावना का किया उत्कृष्ट प्रदर्शन

काशीपुर (काशीपुर वार्ता)। जसपुर रोड स्थित ग्लोबल इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मास्युटिकल एजुकेशन एंड रिसर्च में 23 मार्च से 28 मार्च तक आयोजित “ग्लोबल स्पोर्ट्स वीक” उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। सप्ताहभर चले इस खेल आयोजन में विद्यार्थियों ने ऊर्जा, अनुशासन और खेल भावना के साथ बढ़-चढ़कर भाग लिया। कार्यक्रम के अंतर्गत क्रिकेट, बैडमिंटन, शतरंज, कैरम एवं वॉलीबॉल जैसी विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। सभी प्रतिभागियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। आयोजन का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों के शारीरिक एवं मानसिक विकास को प्रोत्साहित करना तथा उनमें टीम भावना और प्रतिस्पर्धात्मक सोच विकसित करना रहा। प्रतियोगिताओं के परिणामों में क्रिकेट में बीफार्मा फाइनल वर्ष की टीम विजेता रही, जबकि डीफार्मा द्वितीय वर्ष की टीम उपविजेता बनी। बैडमिंटन में शांतनु त्यागी (बीफार्मा फाइनल वर्ष) ने प्रथम तथा दानिश (बीफार्मा फाइनल वर्ष) ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।

वॉलीबॉल में बीफार्मा फाइनल वर्ष की टीम ने बाजी मारी और बीफार्मा द्वितीय वर्ष की टीम उपविजेता रही। कैरम प्रतियोगिता में वंश विश्नोई (बीफार्मा द्वितीय वर्ष) प्रथम एवं अनुज चौहान (बीफार्मा प्रथम वर्ष) द्वितीय स्थान पर रहे। वहीं शतरंज में इमरान (डीफार्मा द्वितीय वर्ष) ने प्रथम और सरताज सिंह (बीफार्मा द्वितीय वर्ष) ने द्वितीय स्थान हासिल किया। समापन समारोह में संस्थान के निदेशक डॉ. दीपक तेवतिया एवं अन्य स्टाफ सदस्यों ने विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी, मेडल और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर चेयरमैन डॉ. अनिल कुमार सक्सेना ने खिलाड़ियों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। संस्थान के शिक्षकों एवं स्टाफ के सहयोग से सफलतापूर्वक आयोजित यह “ग्लोबल स्पोर्ट्स वीक” विद्यार्थियों के लिए एक यादगार अनुभव साबित हुआ।
