नवनियुक्त प्रधानाचार्य ने दिया प्रेरणादायक संदेश, अनुशासन व लक्ष्य निर्धारण पर दिया जोर

काशीपुर (काशीपुर वार्ता)। कृष्णा पब्लिक कोलीजिएट में नए शैक्षणिक सत्र का शुभारंभ बुधवार को उत्साह और उमंग के साथ हुआ। सत्र के पहले ही दिन विद्यालय परिसर में विद्यार्थियों के चेहरों पर नई कक्षाओं, नए विषयों और नए लक्ष्यों को लेकर खास उत्सुकता देखने को मिली। इस अवसर पर विद्यालय के नव नियुक्त प्रधानाचार्य ने विद्यार्थियों का गर्मजोशी से स्वागत किया। अपने प्रेरणादायक संबोधन में उन्होंने छात्रों को नए सत्र की शुभकामनाएं देते हुए इसे नई उपलब्धियों और अवसरों से भरा वर्ष बताया। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन, नियमितता और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। विद्यालय की प्रातःकालीन सभा का संचालन शिक्षकों द्वारा प्रभावशाली ढंग से किया गया, जिससे विद्यार्थियों में नई ऊर्जा और आत्मविश्वास का संचार हुआ। शिक्षकों ने छात्रों को लक्ष्य निर्धारित कर मन लगाकर अध्ययन करने की सीख दी। विद्यालय का वातावरण पूरे दिन उत्साह, अनुशासन और सकारात्मक ऊर्जा से ओत-प्रोत रहा। नए सत्र के इस शुभारंभ ने विद्यार्थियों में सीखने के प्रति नई प्रेरणा जगाई, जिससे आगामी शैक्षणिक वर्ष के सफल होने की उम्मीद जताई जा रही है। विद्यालय के प्रबंधक डॉ. अनिल कुमार सक्सेना ने भी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए अभिभावकों का विद्यालय पर विश्वास बनाए रखने के लिए आभार व्यक्त किया। इस मौके पर प्रशासनिक अधिकारी रेखा रावत सहित शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं एवं समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।

