ज्ञानार्थी कॉलेज में मेधावी छात्र सम्मान समारोह में प्रतिभाओं का हुआ गौरवपूर्ण सम्मान

कॉलेज में उत्सव जैसा माहौल, विद्यार्थियों को मिली प्रेरणा और प्रोत्साहन

काशीपुर (कशीपुर वार्ता)। नगर के प्रतिष्ठित ज्ञानार्थी कॉलेज में गत दिवस शनिवार को मेधावी छात्र सम्मान समारोह का आयोजन अत्यंत भव्य, गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में किया गया। समारोह में विद्यार्थियों की उपलब्धियों का उत्सव मनाते हुए उन्हें सम्मानित किया गया, जिससे पूरे परिसर में उल्लास का माहौल बना रहा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश मंत्री भाजपा गुंजन सुखीजा उपस्थित रहे, जबकि विशिष्ट अतिथियों में नैनीताल लोकसभा सांसद प्रतिनिधि डॉ. राहुल अग्रवाल पैगिया, काशीपुर के पुलिस अधीक्षक एस.के. सिंह तथा चार्टर्ड अकाउंटेंट नवीन अरोड़ा ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की पूजा-अर्चना एवं दीप प्रज्वलन द्वारा किया गया। इसके उपरांत अतिथियों का भव्य स्वागत कॉलेज के अध्यक्ष संतोष मेहरोत्रा, सेक्रेटरी शिवानी मेहरोत्रा, संस्थान प्रमुख प्रतिमा सिंह एवं डायरेक्टर डॉ. मनोज मिश्रा द्वारा पुष्पगुच्छ एवं शॉल भेंट कर किया गया। इस दौरान मंच पर उपस्थित अतिथियों और शिक्षकों ने शिक्षा के महत्व को रेखांकित करते हुए विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। समारोह का मुख्य आकर्षण उन विद्यार्थियों का सम्मान रहा जिन्होंने सेमेस्टर परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। मेधावी छात्रों को प्रमाण पत्र एवं सम्मान प्रदान कर उनके परिश्रम और लगन को सराहा गया। विद्यार्थियों के चेहरों पर झलकती खुशी और गर्व ने पूरे आयोजन को और भी यादगार बना दिया। बड़ी संख्या में उपस्थित अभिभावकों ने भी इस अवसर को विशेष बना दिया और अपने बच्चों की सफलता पर गर्व व्यक्त किया। कॉलेज के चेयरमैन संतोष मेहरोत्रा ने विद्यार्थियों की उपलब्धियों पर गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान उनके कठिन परिश्रम और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि छात्र भविष्य में भी इसी प्रकार संस्थान का नाम रोशन करते रहेंगे। वहीं डायरेक्टर डॉ. मनोज मिश्रा ने सभी अतिथियों एवं अभिभावकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संस्थान विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है और भविष्य में भी ऐसे आयोजन होते रहेंगे। कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया और उन्हें जीवन में निरंतर आगे बढ़ने तथा उच्च शिखरों को प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया। यह समारोह न केवल छात्रों के लिए सम्मान का क्षण बना, बल्कि उनके उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक नई ऊर्जा और प्रेरणा का स्रोत भी सिद्ध हुआ।

मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों ने विद्यार्थियों को दिये जीवन में सफलता के मूल मंत्र

काशीपुर (कशीपुर वार्ता)। ज्ञानार्थी कॉलेज में आयोजित मेधावी छात्र सम्मान समारोह के अवसर पर मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों ने विद्यार्थियों को जीवन में सफलता के मूल मंत्र बताए और उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रेरित किया। वक्ताओं ने एक स्वर में कहा कि कड़ी मेहनत, स्पष्ट लक्ष्य, नैतिक मूल्य और समय के साथ स्वयं को अपडेट रखना ही सफलता की कुंजी है।
मुख्य अतिथि गुंजन सुखीजा ने अपने संबोधन में कहा कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए निरंतर मेहनत, अनुशासन और सकारात्मक सोच अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को कठिनाइयों से घबराने के बजाय उन्हें अवसर के रूप में स्वीकार कर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। उनका कहना था कि संघर्ष ही व्यक्ति को मजबूत बनाता है और यही सफलता का मार्ग प्रशस्त करता है।
सांसद प्रतिनिधि डॉ. राहुल अग्रवाल पैगिया ने विद्यार्थियों को स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर प्रयास करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और उसके प्रति दृढ़ संकल्प के साथ मेहनत की जाए, तो सफलता निश्चित रूप से प्राप्त होती है। उन्होंने युवाओं को अपने सपनों को साकार करने के लिए निरंतर प्रयासरत रहने की सलाह दी।
काशीपुर के पुलिस अधीक्षक एसके सिंह ने अपने वक्तव्य में शिक्षा के साथ-साथ नैतिक मूल्यों और संस्कारों के महत्व पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि केवल शैक्षिक उपलब्धियां ही पर्याप्त नहीं हैं, बल्कि एक अच्छा नागरिक बनने के लिए अच्छे संस्कार और नैतिकता भी आवश्यक हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया।
चार्टर्ड अकाउंटेंट नवीन अरोड़ा ने विद्यार्थियों को अपने कौशल को पहचानने और उसे विकसित करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि बदलते समय में प्रतिस्पर्धा लगातार बढ़ रही है, ऐसे में स्वयं को अपडेट रखना और नई-नई क्षमताएं विकसित करना सफलता के लिए अनिवार्य है। इन प्रेरणादायक संदेशों ने विद्यार्थियों में नई ऊर्जा और आत्मविश्वास का संचार किया तथा उन्हें अपने लक्ष्य की ओर दृढ़ता से अग्रसर होने के लिए प्रेरित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *