नए सत्र में प्रवेश लेने वाले प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के लिए सुनहरा अवसर, फीस में 10 से 25 प्रतिशत तक छूट

काशीपुर (काशीपुर वार्ता)। शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर उत्कृष्टता की ओर अग्रसर मास्टर इंटरनेशनल स्कूल द्वारा प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य को ध्यान में रखते हुए 12 अप्रैल को विद्यालय परिसर में विशेष स्कॉलरशिप टेस्ट का आयोजन किया जाएगा। यह परीक्षा नए सत्र में प्रवेश लेने के इच्छुक विद्यार्थियों के लिए एक बेहतरीन अवसर लेकर आई है, जिसमें वे अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकेंगे। विद्यालय प्रशासन के अनुसार यह स्कॉलरशिप टेस्ट उन विद्यार्थियों के लिए आयोजित किया जा रहा है, जिन्होंने पढ़ाई, खेल, नृत्य या अन्य सह-शैक्षणिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। साथ ही, जिला एवं राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना चुके या विशेष योग्यता रखने वाले बच्चों को भी इस परीक्षा के माध्यम से प्रोत्साहित किया जाएगा। विद्यालय की प्रबंधिका शिल्पी गर्ग ने बताया कि प्रत्येक बच्चे में कोई न कोई विशेष प्रतिभा होती है, जिसे सही मार्गदर्शन और अवसर मिलने पर वह आगे बढ़ा सकता है। इसी उद्देश्य से इस स्कॉलरशिप टेस्ट का आयोजन किया जा रहा है, ताकि योग्य विद्यार्थियों को आगे बढ़ने का मंच मिल सके। इस परीक्षा में चयनित विद्यार्थियों को उनकी योग्यता और प्रदर्शन के आधार पर विद्यालय की फीस में 10 प्रतिशत से लेकर 25 प्रतिशत तक की विशेष छूट प्रदान की जाएगी। इससे न केवल विद्यार्थियों को आर्थिक सहयोग मिलेगा, बल्कि उनका आत्मविश्वास भी बढ़ेगा। विद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस स्कॉलरशिप टेस्ट में भाग लेने के लिए किसी प्रकार का एडमिशन या वार्षिक शुल्क नहीं लिया जाएगा। यह पूरी प्रक्रिया निशुल्क रखी गई है, ताकि अधिक से अधिक विद्यार्थी इसका लाभ उठा सकें और अपनी प्रतिभा को पहचान दिला सकें। अभिभावकों से अपील करते हुए विद्यालय प्रशासन ने कहा कि वे अपने बच्चों को इस अवसर का लाभ उठाने के लिए प्रेरित करें। यह परीक्षा विद्यार्थियों को प्रतिस्पर्धात्मक माहौल का अनुभव प्रदान करेगी और उन्हें अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी। विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. गौरव गर्ग ने सभी इच्छुक विद्यार्थियों को आमंत्रित करते हुए कहा कि वे निर्धारित समय पर पहुंचकर इस स्कॉलरशिप टेस्ट में भाग लें और अपने उज्ज्वल भविष्य की दिशा में पहला कदम बढ़ाएं।

