क्लीन एंड ग्रीन फाउंडेशन के तत्वावधान में निकली रैली, विद्यार्थियों ने लगाए पर्यावरण संरक्षण के नारे

काशीपुर (काशीपुर वार्ता)। क्लीन एंड ग्रीन फाउंडेशन के तत्वावधान में बुधवार को पृथ्वी दिवस के अवसर पर समर स्टडी हॉल, कुंठेश्वरी द्वारा भव्य जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली का शुभारंभ कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तराखंड एथलीट चयन समिति के चेयरमैन एवं अंतरराष्ट्रीय एथलीट विजेंद्र चौधरी तथा विद्यालय की अध्यक्षा मुक्ता सिंह ने हरी झंडी दिखाकर किया। रैली नगर निगम परिसर से प्रारंभ होकर मुख्य बाजार, डॉक्टर लाइन, रतन सिनेमा रोड, महाराणा प्रताप चौक होते हुए पुनः नगर निगम परिसर पहुंची। रैली में शामिल विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने धरती बचाने, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और हरित जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने हाथों में तख्तियां लेकर “पेड़ लगाओ, धरती बचाओ”, “स्वच्छ काशीपुर, सुंदर काशीपुर” तथा “हरियाली अपनाओ, जीवन बचाओ” जैसे नारों के माध्यम से आमजन को जागरूक किया। बाजार क्षेत्रों से गुजरती रैली को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग रुके और विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना की। रैली के उपरांत नगर निगम परिसर में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें कई गणमान्य अतिथियों ने भाग लिया। कार्यक्रम में विद्यालय की अध्यक्षा मुक्ता सिंह, मेयर प्रतिनिधि समर पाल सिंह, नगर आयुक्त प्रतिनिधि विनोद लाल, क्लीन एंड ग्रीन फाउंडेशन के अध्यक्ष सर्वेश बंसल एवं उपाध्यक्ष गौरव गुप्ता सहित अन्य विशिष्टजन उपस्थित रहे। अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि पृथ्वी को स्वच्छ, सुरक्षित और हरित बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने नागरिकों से प्लास्टिक का उपयोग कम करने, अधिक से अधिक पौधारोपण करने तथा स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर सभी उपस्थित लोगों ने पृथ्वी की रक्षा और पर्यावरण संरक्षण की शपथ भी ली। नगर निगम प्रसाशन द्वारा विद्यालय की अध्यक्षा मुक्ता सिंह, प्रधानाचार्य अनुज भाटिया एवं उपप्रधानाचार्य मनु अग्रवाल को विशेष सम्मान देकर सम्मानित किया गया। विद्यालय की अध्यक्षा मुक्ता सिंह ने कहा कि धरती को बचाना हम सभी की नैतिक जिम्मेदारी है। उन्होंने भविष्य में भी इस प्रकार के सामाजिक एवं पर्यावरणीय कार्यक्रम आयोजित करने की प्रतिबद्धता जताई। कार्यक्रम को सफल बनाने में देवार्पण फूड्स प्राइवेट लिमिटेड कंपनी ने विद्यार्थियों के लिए जलपान की व्यवस्था कर सहयोग प्रदान किया। इस अवसर पर विद्यालय के राजेंद्र सिंह फर्तियाल, नेहा पंत, निशा शर्मा, अनीता तिवारी, विकास नेगी, आशीष वर्मा, सुमित बिष्ट, गीता भारद्वाज सहित अनेक शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं।
