सूर्या रोशनी लिमिटेड के महाप्रबंधक डॉ. प्रतोष मिश्रा के पिता सत्य सेवक मिश्रा का निधन

सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य के निधन पर औद्योगिक, सामाजिक और साहित्यिक जगत में शोक; गणमान्य लोगों ने दी श्रद्धांजलि

काशीपुर (काशीपुर वार्ता)। सूर्या रोशनी लिमिटेड के महाप्रबंधक डॉ. प्रतोष मिश्रा के पिता एवं उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जनपद के सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य सत्य सेवक मिश्रा का गुरुवार सुबह उपचार के दौरान मेडिकल कॉलेज सैफई में निधन हो गया। उनके निधन का समाचार मिलते ही परिवार, शिक्षा जगत और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों में शोक की लहर दौड़ गई। बताया जाता है कि सत्य सेवक मिश्रा लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे थे और उनका उपचार मेडिकल कॉलेज सैफई में चल रहा था। गुरुवार प्रातः उन्होंने अंतिम सांस ली। अपने लंबे शैक्षिक जीवन में उन्होंने एक आदर्श शिक्षक और प्रधानाचार्य के रूप में अनेक विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। उनके सरल व्यक्तित्व, अनुशासित जीवनशैली तथा शिक्षा के प्रति समर्पण को क्षेत्र में विशेष सम्मान प्राप्त था। उनके निधन पर काशीपुर समेत विभिन्न क्षेत्रों के सामाजिक, साहित्यिक एवं औद्योगिक क्षेत्र से जुड़े लोगों ने गहरा दुःख व्यक्त किया। शोक संदेशों में वक्ताओं ने कहा कि सत्य सेवक मिश्रा का जीवन शिक्षा, नैतिक मूल्यों और समाज सेवा के प्रति समर्पित रहा। उनका निधन समाज और शिक्षा जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। दिवंगत आत्मा की शांति एवं शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में संबल प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की गई। शोक व्यक्त करने वालों में सूर्या रोशनी लिमिटेड के प्लांट हेड शुभम चमोली, टेक्निकल हेड मनीष गुप्ता, संजीव कुमार, विकास राघव, आशुतोष मिश्रा, कौशलेश गुप्ता, साहित्य दर्पण संस्था के अध्यक्ष जितेंद्र कुमार कटियार, शेष कुमार सितारा, विजेन्द्र चौधरी, सुरेन्द्र भारद्वाज, सुभाष चन्द्र अग्रवाल, सोमपाल प्रजापति, विवेक मानस, पुनीता कुशवाह सहित ब्राह्मण समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने गहरी संवेदना व्यक्त की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *