प्रथम जिला स्तरीय रोलर स्पीड स्केटिंग चैंपियनशिप में होली एंजेल का शानदार प्रदर्शन

शिवांश केरीवाल ने दो कांस्य पदक जीतकर बढ़ाया विद्यालय का मान
काशीपुर (कशीपुर वार्ता)। खेलों स्पोर्ट्स फाउंडेशन के तत्वावधान में अलीगंज रोड स्थित फ्रेंड्स स्केटिंग क्लब ग्राउंड पर 25 व 26 अप्रैल को आयोजित प्रथम जिला स्तरीय जूनियर एवं सब-जूनियर रोलर स्पीड स्केटिंग चैंपियनशिप में होली एंजेल पब्लिक स्कूल के छात्र शिवांश केरीवाल ने  उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए दो कांस्य पदक जीतकर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि उत्तराखंड एथलेटिक्स सेलेक्शन कमेटी के चेयरमैन विजेंद्र चौधरी द्वारा किया गया। दो दिवसीय प्रतियोगिता में क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों, खेल अकादमियों एवं संस्थानों से आए प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने भाग लिया और अपनी गति, संतुलन, अनुशासन एवं खेल भावना का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में होली एंजेल पब्लिक स्कूल के छात्र शिवांश केरीवाल ने प्रतियोगिता में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए इनलाइन रोलर स्पीड स्केटिंग की 300 मीटर एवं 500 मीटर दौड़ में दो कांस्य पदक अपने नाम किए। उनकी इस उपलब्धि ने विद्यालय ही नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र को गौरवान्वित किया। प्रतियोगिता के दौरान उनकी तेज गति, संतुलन और आत्मविश्वास ने सभी का ध्यान आकर्षित किया।
मुख्य अतिथि विजेंद्र चौधरी ने शिवांश को किया सम्मानित
कशीपुर (कशीपुर वार्ता)। समापन समारोह में मुख्य अतिथि विजेंद्र चौधरी ने विजेता खिलाड़ी शिवांश केरीवाल को मेडल एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करते हैं तथा ऐसी प्रतियोगिताएं भविष्य की बड़ी चुनौतियों के लिए खिलाड़ियों को तैयार करती हैं।
होली एंजेल विद्यालय परिवार ने शिवांश को दी शुभकामनाएं
काशीपुर (कशीपुर वार्ता)। होली एंजेल पब्लिक स्कूल के चेयरमैन अमित सिंह, निदेशक-प्रधानाचार्य सुबोध कुमार सिंह सहित समस्त शिक्षकों एवं स्टाफ ने विजेता खिलाड़ी को बधाई दी। विद्यालय प्रशासन ने इसे छात्र के कठोर परिश्रम, नियमित अभ्यास, प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन एवं अभिभावकों के सहयोग का परिणाम बताया। विद्यालय परिवार ने आशा जताई कि शिवांश आगामी प्रतियोगिताओं में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन करता रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *