प्रणति भाकुनी ने 94 प्रतिशत अंक हासिल कर किया टॉप, विद्यालय में खुशी का माहौल
काशीपुर (कशीपुर वार्ता)। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) द्वारा बुधवार को घोषित इंटरमीडिएट परीक्षा परिणाम में शिवालिक होली माउण्ट एकेडमी, काशीपुर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए शत-प्रतिशत परीक्षा परिणाम हासिल किया। विद्यालय के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट अंक प्राप्त कर न केवल विद्यालय बल्कि क्षेत्र का नाम भी गौरवान्वित किया।
विद्यालय की छात्रा प्रणति भाकुनी ने 94.0 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं हर्षित बहुखण्डी ने 93.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर द्वितीय स्थान प्राप्त किया। खुशी रावत एवं महिमा ने 93.4 प्रतिशत अंक अर्जित कर संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया। विद्यार्थियों की इस उपलब्धि से विद्यालय परिसर में हर्ष और उत्साह का वातावरण बना रहा। परिणाम घोषित होने के बाद विद्यालय में छात्र-छात्राओं एवं अभिभावकों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य कबीन्द्र सिंह डसीला ने सभी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन एवं अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है। उन्होंने छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें आगे भी इसी प्रकार मेहनत और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय के प्रबंध निदेशक बसन्त बल्लभ भट्ट ने परीक्षा परिणाम पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सभी शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि विद्यालय गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है और छात्रों की यह सफलता उसी का प्रमाण है।



