“स्मार्ट डस्टबिन सॉल्यूशंस” प्रोजेक्ट को मिला बेस्ट इनोवेशन में द्वितीय स्थान

काशीपुर (कशीपुर वार्ता)। एक ओंकार ग्लोबल अकादमी के विद्यार्थियों ने नवाचार और तकनीकी सोच के क्षेत्र में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त कर विद्यालय एवं क्षेत्र का नाम रोशन किया है। विद्यालय की छात्र टीम “स्क्रैप मास्टर” के सदस्य अनान्ही एवं सिद्दाक सिंह ने भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम) काशीपुर में आयोजित प्रतिष्ठित प्रतियोगिता “इनोविज़ 2.0 एक्स आविष्कार 5.0” में अपने अभिनव प्रोजेक्ट “स्मार्ट डस्टबिन सॉल्यूशंस” के माध्यम से “सर्वश्रेष्ठ नवाचार” श्रेणी में द्वितीय स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं में रचनात्मक सोच, तकनीकी नवाचार और सामाजिक समस्याओं के व्यावहारिक समाधान विकसित करने की भावना को प्रोत्साहित करना था। इसमें विभिन्न शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और अपने नवाचार प्रस्तुत किए। ऐसे प्रतिस्पर्धात्मक वातावरण में एक ओंकार ग्लोबल अकादमी के विद्यार्थियों का उत्कृष्ट प्रदर्शन विशेष उपलब्धि माना जा रहा है। विद्यार्थियों द्वारा तैयार किया गया “स्मार्ट डस्टबिन सॉल्यूशंस” प्रोजेक्ट स्वच्छता एवं कचरा प्रबंधन व्यवस्था को आधुनिक तकनीक से जोड़ने का एक प्रभावशाली प्रयास है। यह प्रोजेक्ट स्मार्ट सेंसर तकनीक पर आधारित है, जो डस्टबिन के भरने की स्थिति की जानकारी देने के साथ स्वच्छता व्यवस्था को अधिक प्रभावी और सुव्यवस्थित बनाने में सहायक सिद्ध हो सकता है। विद्यार्थियों की इस सोच को निर्णायक मंडल ने काफी सराहा और इसे समाजोपयोगी नवाचार बताया।
विद्यालय प्रबंधन ने दी बधाई और शुभकामनाएं

काशीपुर (कशीपुर वार्ता)। विद्यालय प्रबंधन ने छात्रों की इस सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। अकादमी के एमडी सुखविंदर सिंह ने कहा कि विद्यालय सदैव विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ नवाचार और शोध के लिए प्रेरित करता है। चेयरपर्सन नवनीत कौर ने विद्यार्थियों की मेहनत, लगन और रचनात्मक सोच की प्रशंसा करते हुए इसे अन्य छात्रों के लिए प्रेरणास्रोत बताया। वहीं प्रधानाचार्य जॉनसन ने कहा कि इस उपलब्धि ने विद्यालय की शैक्षणिक एवं तकनीकी उत्कृष्टता को नई पहचान दिलाई है।




