विश्व पर्यावरण दिवस पर डीएवी पब्लिक स्कूल में चला जागरूकता अभियान

वृक्षारोपण, पोस्टर प्रतियोगिता और स्वच्छता अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

काशीपुर (काशीपुर वार्ता)। अलीगंज रोड स्थित डीएवी पब्लिक स्कूल, काशीपुर में आज शुक्रवार को विश्व पर्यावरण दिवस उत्साह, जागरूकता एवं सामाजिक जिम्मेदारी के भाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय में वृक्षारोपण, पोस्टर निर्माण, भाषण प्रतियोगिता एवं स्वच्छता अभियान सहित अनेक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिनमें छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. एस.के. चौबे द्वारा पौधारोपण कर किया गया। इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने विद्यार्थियों को अधिक से अधिक पौधे लगाने, जल एवं ऊर्जा संरक्षण करने तथा प्रकृति के प्रति संवेदनशील बनने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने ‘स्वच्छ पर्यावरण, स्वस्थ जीवन’ विषय पर आकर्षक पोस्टर एवं स्लोगन तैयार कर पर्यावरण संरक्षण का प्रभावी संदेश दिया। भाषण प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने पर्यावरण प्रदूषण की चुनौतियों और उनके समाधान पर अपने विचार व्यक्त किए। वहीं विद्यालय परिसर में शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने सामूहिक रूप से पौधारोपण कर उनकी नियमित देखभाल का संकल्प भी लिया। स्वच्छता अभियान के तहत विद्यालय परिसर एवं आसपास के क्षेत्र में सफाई कर स्वच्छ वातावरण बनाए रखने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के समापन पर सभी विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने तथा समाज को भी इसके लिए प्रेरित करने की शपथ ली। विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों में प्रकृति के प्रति प्रेम, संवेदनशीलता एवं जिम्मेदारी की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इस अवसर पर धर्मराज बिष्ट, उमेश शर्मा, अमित कुमार, हीरा सिंह सहित छात्र-छात्राए एवं विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।

पर्यावरण संरक्षण केवल जिम्मेदारी नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारा कर्तव्य : डॉ. एस.के. चौबे

काशीपुर (काशीपुर वार्ता)। विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. एसके चौबे ने कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस हमें प्रकृति और पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का स्मरण कराता है। वर्तमान समय में बढ़ता प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन और प्राकृतिक संसाधनों का अंधाधुंध दोहन मानव जीवन के लिए गंभीर चुनौती बनता जा रहा है। ऐसे में प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह पर्यावरण संरक्षण के लिए सक्रिय भूमिका निभाए। विद्यार्थी समाज के भविष्य के निर्माता हैं। यदि उनमें प्रारंभ से ही पर्यावरण के प्रति जागरूकता और संवेदनशीलता विकसित की जाए, तो एक स्वच्छ, हरित और स्वस्थ समाज का निर्माण संभव है। हमें अधिक से अधिक वृक्षारोपण करना चाहिए, जल एवं ऊर्जा की बचत करनी चाहिए तथा प्लास्टिक के उपयोग को कम करने का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने छात्र-छात्राओं का आह्वान कर कहा आइए, विश्व पर्यावरण दिवस पर हम सभी प्रकृति संरक्षण का संकल्प लें और आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित एवं संतुलित पर्यावरण की नींव मजबूत करें।

👁 1,142 Views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *