काशीपुर स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित अंडर-23 चयन प्रतियोगिता में प्रदेशभर के खिलाड़ियों ने दिखाई प्रतिभा

राज्य स्तरीय कुश्ती चयन प्रतियोगिता में 21 पहलवानों का चयन, राष्ट्रीय चैंपियनशिप में दिखाएंगे दम

काशीपुर (कशीपुर वार्ता)। रेसलिंग एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के तत्वावधान में अंडर-23 महिला एवं पुरुष वर्ग की राज्य स्तरीय कुश्ती चयन प्रतियोगिता शनिवार को स्पोर्ट्स स्टेडियम काशीपुर के कुश्ती हॉल में संपन्न हुई। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 21 पहलवानों का चयन 10 से 12 जुलाई तक रोहतक (हरियाणा) में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय कुश्ती चैंपियनशिप के लिए किया गया, जहां वे उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे। प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि अंतरराष्ट्रीय एथलीट एवं उत्तराखंड एथलेटिक्स चयन समिति के अध्यक्ष डॉ. विजेंद्र चौधरी तथा अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी जगदीश यादव ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। प्रतियोगिता में ऊधम सिंह नगर, नैनीताल, हरिद्वार, देहरादून, पौड़ी और चंपावत सहित विभिन्न जनपदों के 50 से अधिक खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। फ्री स्टाइल में 57 किग्रा में परमवीर सिंह (ऊधम सिंह नगर), 61 किग्रा में मोहित नौटियाल (हरिद्वार), 65 किग्रा में सिद्धार्थ (नैनीताल), 70 किग्रा में दिव्यांश राठी (हरिद्वार), 74 किग्रा में अर्पित (ऊधम सिंह नगर), 79 किग्रा में अनंत राठी (हरिद्वार), 86 किग्रा में हितेश जोशी (नैनीताल), 92 किग्रा में हर्षित मिश्रा (ऊधम सिंह नगर), 97 किग्रा में अवतार सिंह तथा 125 किग्रा में उमंग (हरिद्वार) ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। महिला वर्ग के 55 किग्रा भार वर्ग में जाह्नवी (हरिद्वार) विजेता रहीं। ग्रीको-रोमन शैली में 55 किग्रा में नितिन कुमार (ऊधम सिंह नगर), 60 किग्रा में अनमोल गौतम (हरिद्वार), 63 किग्रा में कर्तव्य चौधरी, 67 किग्रा में देव चौधरी, 72 किग्रा में देव चौधरी, 77 किग्रा में हरिद्वार के खिलाड़ी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि 82 किग्रा में आकर्षक मिश्रा (ऊधम सिंह नगर), 87 किग्रा में प्रद्युम्न कश्यप (हरिद्वार), 97 किग्रा में गौरव रावत तथा 130 किग्रा में उमंग (हरिद्वार) विजेता रहे। कुश्ती कोच नावेद ने बताया कि चयनित खिलाड़ी 10 से 12 जुलाई तक रोहतक में आयोजित राष्ट्रीय कुश्ती चैंपियनशिप में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे। इस अवसर पर संघ के कोषाध्यक्ष राहुल शर्मा, आकाश, शुभम सिंह, अक्षय राठी, जसविंदर कौर, कुश्ती कोच सूरज सिंह, बाबा सिंह सहित अनेक खेल प्रेमी उपस्थित रहे।

खिलाड़ी अनुशासन, समर्पण और मेहनत से ही हासिल करते हैं सफलता : डॉ. विजेंद्र चौधरी

काशीपुर (कशीपुर वार्ता)। अंडर-23 राज्य स्तरीय कुश्ती चयन प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर मुख्य अतिथि एवं अंतरराष्ट्रीय एथलीट तथा उत्तराखंड एथलेटिक्स चयन समिति के अध्यक्ष डॉ. विजेंद्र चौधरी ने कहा कि खेल केवल पदक जीतने का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण, अनुशासन और आत्मविश्वास विकसित करने का सशक्त मंच हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के खिलाड़ियों में अपार प्रतिभा है और यदि उन्हें बेहतर प्रशिक्षण एवं अवसर मिलें तो वे राष्ट्रीय ही नहीं, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी प्रदेश का नाम रोशन कर सकते हैं। उन्होंने चयनित खिलाड़ियों को राष्ट्रीय कुश्ती चैंपियनशिप के लिए शुभकामनाएं देते हुए पूरी निष्ठा, लगन और खेल भावना के साथ प्रदर्शन करने का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने आयोजकों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं नई प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और उन्हें अपनी क्षमता साबित करने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करती हैं।

👁 1,793 Views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *