डीएम आशीष कुमार भटगांई ने खतरनाक बैंडों का किया निरीक्षण, लापरवाही पर अधिकारियों को लगायी फटकार


-मानसून को देखते हुए सड़क सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश

पिथौरागढ़। जनपद में मानसून सीजन के मद्देनज़र सड़क सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई ने  दिल्ली बैंड, मुन्ना बैंड एवं चूपकोट बैंड का औचक स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर खतरनाक चट्टानें और ढीले (लूज) बोल्डर पाए जाने पर जिलाधिकारी ने गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए कार्य में शिथिलता को गंभीर लापरवाही बताया।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि जनसुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी खतरनाक चट्टानों और ढीले बोल्डरों का तत्काल चिन्हांकन कर वैज्ञानिक तरीके से हटाने के लिए समयबद्ध टेंडर प्रक्रिया पूरी की जाए। उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया कि ऊंचाई वाले क्षेत्रों में मौजूद ढीले बोल्डरों की फोटो और वीडियो रिकॉर्डिंग कर उनका पूरा दस्तावेज तैयार किया जाए, ताकि नियमित निगरानी सुनिश्चित की जा सके और संभावित खतरे का समय रहते आकलन किया जा सके।

डीएम ने कहा कि जुलाई, अगस्त और सितंबर के दौरान भारी वर्षा की संभावना को देखते हुए सड़क मार्ग हर हाल में सुचारु रहने चाहिए, ताकि मरीजों और आम नागरिकों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने, जेसीबी और अन्य मशीनरी को अलर्ट मोड पर रखने तथा संवेदनशील स्थानों पर लगातार निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही चेतावनी दी कि यदि सड़क सुरक्षा एवं मानसून तैयारियों में किसी भी स्तर पर लापरवाही पाई गई तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।



Source link

👁 944 Views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *