जीरो एमिशन डे पर द गुरुकुल फाउंडेशन और नगर निगम ने निकाली साइकिल रैली, प्रदूषण मुक्त काशीपुर का दिया संदेश

द गुरुकुल फाउंडेशन के प्रबंधन ने  महापौर दीपक बाली का दिल की गहराइयों से आभार जताया

काशीपुर (कशीपुर वार्ता)। जीरो एमिशन डे के अवसर पर काशीपुर नगर निगम और द गुरुकुल फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में शहर मे साइकिल एवं पैदल रैलीका आयोजन किया गया। रैली के माध्यम से नगरवासियों को पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और प्रदूषण नियंत्रण का प्रभावी संदेश दिया गया। नगर निगम से शुरू हुई इस रैली को महापौर दीपक बाली एवं नगर आयुक्त रविंद्र सिंह बिस्ट ने रवाना किया । रैली में विद्यालय के विद्यार्थियों, शिक्षकों, नगर निगम के निगम अधिकारियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रैली के दौरान बच्चों ने हाथों में पर्यावरण संरक्षण से जुड़े संदेश लिखी तख्तियां लेकर लोगों को जागरूक किया। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि आसपास के क्षेत्र, बाजार या किसी छोटे-मोटे काम के लिए वाहन का अनावश्यक इस्तेमाल न करें, बल्कि साइकिल का प्रयोग करें। बच्चो ने कहा कि छोटी दूरी के लिए साइकिल अपनाने से न केवल ईंधन की बचत होगी, बल्कि वाहनों से होने वाले वायु प्रदूषण में भी प्रभावी कमी आएगी। महापौर दीपक बाली ने कहा कि स्वच्छ और स्वस्थ काशीपुर का निर्माण केवल सरकारी प्रयासों से संभव नहीं है। इसके लिए प्रत्येक नागरिक को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी। साइकिल चलाना पर्यावरण के लिए लाभकारी होने के साथ-साथ स्वास्थ्य के लिए भी बेहद उपयोगी है। यदि लोग नियमित रूप से छोटी दूरी तय करने के लिए साइकिल का उपयोग करें, तो शहर में प्रदूषण, यातायात दबाव और ईंधन की खपत को काफी हद तक कम किया जा सकता है। जीरो एमिशन डे के अवसर पर महापौर ने नागरिकों से अपील की कि वे अपने दैनिक जीवन में पर्यावरण हितैषी आदतों को अपनाएं। निजी वाहनों का सीमित उपयोग, सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा, पैदल चलना और साइकिल का प्रयोग प्रदूषण नियंत्रण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। अधिकारियों ने कहा कि स्वच्छता अभियान के साथ-साथ अब शहर को प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए भी जनभागीदारी आवश्यक है।

कार्यक्रम के दौरान नगर निगम की ओर से गुरुकुल फाउंडेशन के प्रबंधन, शिक्षकों और विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया गया। अधिकारियों ने विशेष रूप से फाउंडेशन के एमडी डॉ. नीरज कपूर, वसुधा और प्रधानाचार्या मीनल भारद्वाज का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि गुरुकुल फाउंडेशन के बच्चों ने पर्यावरण संरक्षण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने में सराहनीय भूमिका निभाई है। उधर द गुरुकुल फाउंडेशन के प्रबंधन ने भी महापौर दीपक बाली का दिल की गहराइयों से आभार जताया। महापौर दीपक बाली ने कहा कि शहर के अन्य विद्यालयों और संस्थानों को भी ऐसे अभियानों से जोड़ा जाएगा, ताकि बच्चों और युवाओं के माध्यम से पर्याव जागरूकता का संदेश हर घर तक पहुंचे। रैली के समापन पर सभी प्रतिभागियों ने स्वच्छ, स्वस्थ और प्रदूषण मुक्त काशीपुर बनाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर सहायक नगर आयुक्त शालिनी नेगी, विनोद लाल शाह, कार्यालय अधीक्षक विकास शर्मा, चौधरी समरपालसिंह सिंह, जसवीर सिंह सैनी, बच्चों के अभिभावको के अलावा नगर निगम की कर अधीक्षक अनुपमा, सफाई इंस्पेक्टर दिनेश ध्यानी सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।

 

 

👁 979 Views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *