मास्टर इंटरनेशनल स्कूल में नुक्कड़ नाटिका से जनकल्याणकारी योजनाओं का संदेश

‘नमो सेवा गाथा’ कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने दी प्रभावशाली प्रस्तुति, अतिथियों ने सेवा, संस्कार और सामाजिक सहभागिता पर दिया जोर

काशीपुर (काशीपुर वार्ता)। मास्टर इंटरनेशनल स्कूल में ‘नमो सेवा गाथा’ कार्यक्रम के अंतर्गत नुक्कड़ नाटिका का आयोजन किया गया। इसके माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यों और केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति लोगों को जागरूक किया गया। विद्यार्थियों और कलाकारों ने प्रभावशाली संवादों एवं रोचक प्रस्तुति के जरिए योजनाओं की उपयोगिता बताते हुए पात्र लोगों को उनका लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र के सम्मुख दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर पुष्कर सिंह कला, प्रदेश कार्यालय सचिव, भारतीय जनता पार्टी, मोहित भारद्वाज, मंडल महामंत्री भाजपा, वार्ड नंबर दो के पार्षद संजय शर्मा, ब्लूमिंग स्कॉलर्स एकेडमी के प्रबंधक जितेंद्र देवलाल तथा उत्तर रेलवे के पूर्व लेखाधिकारी सकलानी अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

नुक्कड़ नाटिका के माध्यम से योजनाओं की दी जानकारी

कशीपुर (काशीपुर वार्ता)। नुक्कड़ नाटिका में प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत योजना, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, स्वच्छ भारत मिशन और जन-धन योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं को जागरूकता का विषय बनाया गया। प्रस्तुति के माध्यम से बताया गया कि इन योजनाओं का उद्देश्य पात्र लोगों को आवास, स्वास्थ्य सुविधाओं, स्वच्छ ईंधन, स्वच्छता और वित्तीय समावेशन जैसी सुविधाओं से जोड़ना है। विद्यार्थियों ने अपनी प्रस्तुति के माध्यम से संदेश दिया कि सरकारी योजनाओं की सही जानकारी होना आवश्यक है, ताकि पात्र व्यक्ति निर्धारित नियमों और प्रक्रियाओं के अनुसार उनका लाभ प्राप्त कर सकें। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ सामाजिक और राष्ट्रीय विषयों पर जागरूकता फैलाने का अवसर भी प्रदान किया। मुख्य अतिथि पुष्कर सिंह कला ने अपने संबोधन में कहा कि सेवा करना और अच्छे संस्कार सीखना प्रत्येक व्यक्ति का कर्तव्य है। दूसरों के चेहरे पर मुस्कान लाना ही सच्ची सेवा है। उन्होंने विद्यार्थियों को समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने और सेवा भाव अपनाने के लिए प्रेरित किया। पार्षद संजय शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी होना नितांत आवश्यक है। योजनाओं की जानकारी होने से पात्र लोगों को उनका लाभ प्राप्त करने में मदद मिलती है। मोहित भारद्वाज ने नुक्कड़ नाटिका प्रस्तुत करने वाले विद्यार्थियों की सराहना करते हुए उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया। वहीं, जितेंद्र देवलाल ने विद्यार्थियों की प्रस्तुति की प्रशंसा की और विद्यालय परिवार से शिक्षा के क्षेत्र में स्थापित उपलब्धियों को आगे बढ़ाते हुए बच्चों के सर्वांगीण विकास पर निरंतर ध्यान देने का आह्वान किया।

विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने लिया समाज सेवा का संकल्प

काशीपुर (काशीपुर वार्ता)। विद्यालय की प्रबंधिका शिल्पी गर्ग ने अपने संबोधन में कहा कि सभी विद्यार्थियों को मिलकर यह संकल्प लेना चाहिए कि जहां भी आवश्यकता होगी, वे सहायता के लिए आगे आएंगे, मानवता का सम्मान करेंगे और समाज को बेहतर बनाने में अपना योगदान देंगे। विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. गौरव गर्ग ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए विद्यार्थियों को अपने से बड़ों का अनुसरण करने तथा सत्य और सेवा के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने समाज सेवा का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार की ओर से सभी अतिथियों को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों को सामाजिक गतिविधियों से जोड़ने, उनमें सेवा भाव विकसित करने और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

 

👁 1,758 Views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *