आस्था चौहान और माही चौहान ने बढ़ाया विद्यालय, परिवार और काशीपुर क्षेत्र का गौरव
काशीपुर (कशीपुर वार्ता)। जीडी गोयंका पब्लिक स्कूल, काशीपुर की दो मेधावी छात्राओं आस्था चौहान एवं माही चौहान ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा नीट यूजी में शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय और पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उत्कृष्ट अंकों के साथ मिली इस सफलता ने दोनों छात्राओं की प्रतिभा, मेहनत और अनुशासित अध्ययन का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया है। काशीपुर निवासी यशवंत सिंह चौहान की पुत्री आस्था चौहान ने नीट यूजी में 651 अंक एवं 99.865 पर्सेंटाइल प्राप्त कर शानदार ऑल इंडिया रैंक अर्जित की है। वहीं ठाकुरद्वारा निवासी विमल चौहान की पुत्री माही चौहान ने 545 अंक एवं 97.965 पर्सेंटाइल हासिल कर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया है। दोनों छात्राओं ने अपनी अथक मेहनत, दृढ़ संकल्प और निरंतर अभ्यास के बल पर यह उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है।
विद्यालय प्रबंधन के अनुसार, आस्था और माही प्रारंभिक कक्षाओं से ही अध्ययन के प्रति गंभीर एवं समर्पित रही हैं। शिक्षा के साथ-साथ उन्होंने सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में भी सक्रिय भागीदारी निभाते हुए हर क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। उनकी एकाग्रता, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण ने उन्हें नीट जैसी प्रतिष्ठित परीक्षा में सफलता दिलाई, जिससे अब उनके लिए एमबीबीएस में प्रवेश का मार्ग प्रशस्त हो गया है।
विद्यालय प्रबंधन ने दी आस्था चौहान और माही चौहान को बधाई और शुभकामनाएं
कशीपुर (कशीपुर वार्ता)। विद्यालय की सह-प्रबंध निदेशिका रिशिता सक्सेना अग्रवाल एवं प्रधानाचार्या मधुमिता बनर्जी ने दोनों छात्राओं को इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि आस्था और माही की सफलता विद्यालय के लिए गर्व का विषय है तथा यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी। विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भी दोनों छात्राओं की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य और चिकित्सा क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान की शुभकामनाएँ दीं।






