वरिष्ठ नागरिक कल्याण समिति की मासिक बैठक में उद्योगपति पवन अग्रवाल व समाजसेवी मुक्ता सिंह का भव्य सम्मान

वरिष्ठ नागरिकों के अधिकार, सम्मान और सामाजिक सहभागिता पर मंथन; सरकार से सुविधाओं में प्राथमिकता देने की उठी मांग

काशीपुर (कशीपुर वार्ता)। वरिष्ठ नागरिक कल्याण समिति की मासिक आम सभा रामनगर रोड स्थित एक होटल में समिति के अध्यक्ष हरीश कुमार सिंह एड की अध्यक्षता तथा सचिव चंद्र भूषण डोभाल के संचालन में आयोजित हुई। बैठक में वरिष्ठ नागरिकों के अधिकारों, कल्याण, स्वास्थ्य, सुरक्षा और समाज में उनकी सक्रिय सहभागिता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस अवसर पर रोटरी क्लब के पूर्व मंडल अध्यक्ष एवं प्रख्यात उद्योगपति पवन अग्रवाल तथा उत्तराखंड महिला आयोग की सदस्य नियुक्त होने पर समाजसेवी मुक्ता सिंह को समिति की ओर से पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिह्न भेंट कर भव्य सम्मान दिया गया। समिति के संरक्षक एवं उद्योगपति योगेश जिंदल ने दोनों अतिथियों का स्वागत करते हुए उनके सामाजिक योगदान, जनसेवा और समाज के प्रति समर्पण की सराहना की तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

बैठक में वरिष्ठ अधिवक्ता एवं समाजसेवी उमेश जोशी एडवोकेट, विजय चौधरी सहित अन्य वक्ताओं ने कहा कि वरिष्ठ नागरिक समाज की अमूल्य धरोहर हैं और उनके सम्मान व सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता मिलनी चाहिए। उन्होंने सरकार से स्वास्थ्य, परिवहन, सुरक्षा एवं सामाजिक कल्याण योजनाओं में वरिष्ठ नागरिकों को अधिक सुविधाएं और विशेष प्राथमिकता प्रदान करने की मांग की। सभा का समापन वरिष्ठ नागरिकों के अधिकारों की रक्षा, सम्मानजनक जीवन और सामाजिक गरिमा बनाए रखने के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ। इस दौरान इंदर सिंह, सुरेश जोशी, इन्दु मान, जितेंद्र काला, हरि प्रकाश शर्मा, ठाकुर प्रमोद तोमर, सुरेंद्र बाटला, जसवीर सिंह, शिशिर, पूर्व मेयर उषा चौधरी, अजय चौहाल सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

👁 875 Views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *