कशीपुर स्टेडियम में छह डीएवी विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने विभिन्न स्पर्धाओं में किया शानदार प्रदर्शन
कशीपुर (कशीपुर वार्ता)। डीएवी पब्लिक स्कूल, काशीपुर के नेतृत्व में शनिवार को रामनगर रोड स्थित स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित डीएवी क्लस्टर खेलकूद प्रतियोगिता उत्साह, जोश और खेल भावना के साथ संपन्न हुई। प्रतियोगिता में काशीपुर, बाजपुर, रुद्रपुर, हल्द्वानी, रानीखेत एवं कालाढूंगी के छह डीएवी विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने विभिन्न खेल स्पर्धाओं में भाग लेकर अपनी खेल प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता का शुभारंभ उत्तराखंड एथलेटिक संघ की चयन समिति के अध्यक्ष विजेंद्र चौधरी, मैनेजर अमित जोशी तथा डीएवी पब्लिक स्कूल के प्रधानाचार्य डॉ. संतोष कुमार चौबे ने संयुक्त रूप से किया। कार्यक्रम की शुरुआत कबूतर उड़ाकर शांति, सौहार्द और खेल भावना का संदेश देते हुए की गई।प्रतियोगिता के विभिन्न मुकाबलों में खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
100 मीटर अंडर-19 बालक वर्ग में निर्मल (डीएवी बाजपुर) ने प्रथम तथा वंश दिवाकर (डीएवी काशीपुर) ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। अंडर-19 बालिका वर्ग में खुशी (डीएवी बाजपुर) प्रथम एवं नेहा (डीएवी काशीपुर) द्वितीय रहीं।।100 मीटर अंडर-17 बालक वर्ग में सुमित (डीएवी रुद्रपुर) प्रथम, गौरव गोला (डीएवी बाजपुर) द्वितीय तथा अनमोल राणा (डीएवी काशीपुर) तृतीय रहे। वहीं अंडर-17 बालिका वर्ग में सीनू (डीएवी काशीपुर) ने प्रथम, आराध्या (डीएवी रुद्रपुर) ने द्वितीय तथा अंजलि (डीएवी रुद्रपुर) ने तृतीय स्थान हासिल किया। 800 मीटर अंडर-19 बालक वर्ग में करण (डीएवी बाजपुर) प्रथम एवं रोहित (डीएवी काशीपुर) द्वितीय रहे। अंडर-14 बालक वर्ग में यमन (डीएवी हल्द्वानी) प्रथम, सिद्धार्थ (डीएवी काशीपुर) द्वितीय तथा तनुज (डीएवी रुद्रपुर) तृतीय रहे। अंडर-14 बालिका वर्ग में समृद्धि (डीएवी हल्द्वानी) प्रथम, रिया (डीएवी काशीपुर) द्वितीय तथा हिमांशी गहलोत (डीएवी बाजपुर) तृतीय स्थान पर रहीं। एक अन्य 800 मीटर अंडर-14 बालक वर्ग स्पर्धा में रवि (डीएवी काशीपुर) ने प्रथम, मयंक (डीएवी बाजपुर) ने द्वितीय तथा योगेश (डीएवी रानीखेत) ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। टीम स्पर्धाओं में कबड्डी अंडर-17 प्रतियोगिता में डीएवी बाजपुर विजेता तथा डीएवी रुद्रपुर उपविजेता रहा। वॉलीबॉल अंडर-17 प्रतियोगिता में डीएवी काशीपुर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता बनने का गौरव हासिल किया।
गोला फेंक अंडर-14 बालक वर्ग में अथर्व (डीएवी काशीपुर) प्रथम तथा ध्रुव (डीएवी रानीखेत) द्वितीय रहे। अंडर-17 गोला फेंक में रोहित (डीएवी रुद्रपुर) प्रथम, युवराज (डीएवी काशीपुर) द्वितीय तथा आयुष (डीएवी बाजपुर) तृतीय स्थान पर रहे। लंबी कूद अंडर-19 बालक वर्ग में अनमोल (डीएवी काशीपुर) प्रथम एवं मयंक (डीएवी बाजपुर) द्वितीय रहे। अंडर-17 बालक वर्ग में सुमित (डीएवी रुद्रपुर) प्रथम, अनमोल (डीएवी काशीपुर) द्वितीय तथा गौरव (डीएवी हल्द्वानी) तृतीय स्थान पर रहे। 4×100 मीटर रिले अंडर-19 बालक एवं बालिका वर्ग दोनों में डीएवी काशीपुर की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त कर अपनी श्रेष्ठता सिद्ध की।
प्रतियोगिता के समापन पर विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर प्रधानाचार्य डॉ. संतोष कुमार चौबे, मैनेजर अमित जोशी, नीरज जोशी (डीएवी कालाढूंगी), राजीव गुप्ता (डीएवी रुद्रपुर), प्रवीण नेगी (डीएवी रानीखेत) सहित निर्णायक मंडल के सदस्य अमन, शाद, मनीषा, हेमंत, नावेद, वैष्णवी, मोहम्मद फईम, जैदा, विकास कुमार, मोहम्मद आसिफ, विमल पांडे तथा विद्यालय के शिक्षक धर्मराज बिष्ट, बृजेश रावल, निवास जोशी, हीरा सिंह, अमित कुमार, आरती चौधरी, वीना पाठक, आई.डी. पंत सहित बड़ी संख्या में शिक्षक एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे।
खेल भावना ही सच्चे खिलाड़ी की सबसे बड़ी पहचान : विजेंद्र चौधरी
काशीपुर (कशीपुर वार्ता)। उत्तराखंड एथलेटिक संघ की चयन समिति के अध्यक्ष एवं डीएवी क्लस्टर खेलकूद प्रतियोगिता के मुख्य अतिथि विजेंद्र चौधरी ने कहा कि खेल केवल पदक जीतने का माध्यम नहीं, बल्कि चरित्र निर्माण, अनुशासन और व्यक्तित्व विकास की सर्वोत्तम पाठशाला हैं। उन्होंने कहा कि एक सच्चे खिलाड़ी की पहचान उसके कर्म, समर्पण और खेल भावना से होती है। जो खिलाड़ी निष्पक्षता, ईमानदारी और सकारात्मक सोच के साथ मैदान में उतरता है, वही जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में सफलता अर्जित करता है। उन्होंने खिलाड़ियों से जीत पर विनम्र और हार से सीख लेने का आह्वान करते हुए कहा कि निरंतर परिश्रम, अनुशासन और आत्मविश्वास ही उत्कृष्ट प्रदर्शन की कुंजी हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को खेल भावना बनाए रखते हुए राष्ट्र और समाज का गौरव बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयासरत रहने की प्रेरणा दी।
खेल से निखरता है व्यक्तित्व, अनुशासन और नेतृत्व : डॉ. संतोष कुमार चौबे
काशीपुर (कशीपुर वार्ता)। डीएवी पब्लिक स्कूल, काशीपुर के प्रधानाचार्य डॉ. संतोष कुमार चौबे ने कहा कि खेल केवल जीत-हार का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण, अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करने की सशक्त पाठशाला हैं। उन्होंने कहा कि डीएवी क्लस्टर खेलकूद प्रतियोगिता विद्यार्थियों को स्वस्थ प्रतिस्पर्धा, टीम भावना और आपसी सहयोग का अमूल्य अवसर प्रदान करती है। खेलों के माध्यम से छात्र शारीरिक एवं मानसिक रूप से सशक्त बनते हैं तथा जीवन की चुनौतियों का सामना करने का साहस प्राप्त करते हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि प्रत्येक खिलाड़ी अपने विद्यालय का गौरव है और उसका समर्पण ही उसकी सबसे बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने विजेता खिलाड़ियों को शुभकामनाएँ देते हुए अन्य प्रतिभागियों से भी निरंतर अभ्यास, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।










