किसान विकास क्लब की मासिक बैठक कल, कैमोलिना फसल पर होगी चर्चा

केवीके वैज्ञानिक देंगे कैमोलिना की खेती, उपयोगिता और बाजार की संभावनाओं की जानकारी

काशीपुर (कशीपुर वार्ता)। किसान विकास क्लब (उत्तराखंड) की मासिक बैठक सोमवार, 31 अगस्त को अनाज मंडी काशीपुर स्थित गेस्ट हाउस में शाम चार बजे आयोजित होगी। बैठक में किसानों की कृषि संबंधी समस्याओं तथा नई फसलों की संभावनाओं पर चर्चा की जाएगी। इस दौरान कैमोलिना फसल प्रमुख विषय रहेगी।
क्लब के प्रदेश अध्यक्ष अरुण कुमार शर्मा ने बताया कि कृषि विज्ञान केंद्र (केवीके), काशीपुर के वैज्ञानिक डॉ. अनिल चंद्रा किसानों को कैमोलिना फसल की खेती से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी देंगे। वे फसल की बुवाई का समय, खेती की तकनीक, फसल प्रबंधन, उत्पादन क्षमता, उपयोगिता और संभावित आर्थिक लाभ के बारे में विस्तार से बताएंगे। उन्होंने बताया कि कैमोलिना एक तिलहनी फसल है, जिसके तेल का उपयोग जैव ईंधन सहित विमानन क्षेत्र में किया जा सकता है। ऐसे में यह किसानों के लिए पारंपरिक फसलों के साथ एक संभावित वैकल्पिक फसल बन सकती है। बैठक में इसके बाजार, बिक्री और विपणन से जुड़े पहलुओं की जानकारी भी दी जाएगी। सरकारी संगठन द्वारा किसानों से कैमोलिना की उपज वापस लिए जाने की व्यवस्था के संबंध में भी जानकारी दी जाएगी। इससे किसानों को फसल की बिक्री को लेकर बेहतर जानकारी मिल सकेगी। प्रदेश अध्यक्ष अरुण कुमार शर्मा ने क्षेत्र के किसानों से बैठक में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कृषि वैज्ञानिकों से सीधे जानकारी लेकर किसान नई फसलों और आधुनिक कृषि तकनीकों का लाभ उठा सकते हैं।

 

👁 1,155 Views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *