एक ओंकार ग्लोबल अकादमी की आकाश यान स्पर्धा में विज्ञान और नवाचार का शानदार संगम

एस्ट्रो पाठशाला के तहत आयोजित प्रतियोगिता में छात्रों ने विज्ञान और अंतरिक्ष विज्ञान के प्रति दिखाई गहरी रुचि

काशीपुर (कशीपुर वार्ता)। एक ओंकार ग्लोबल अकादमी में शनिवार को ‘एस्ट्रो पाठशाला’ के अंतर्गत आयोजित आकाश यान स्पर्धा उत्साह और वैज्ञानिक जिज्ञासा के माहौल में संपन्न हुई। प्रतियोगिता का उद्देश्य छात्र-छात्राओं में विज्ञान, नवाचार तथा अंतरिक्ष विज्ञान के प्रति रुचि विकसित करना और उन्हें वैज्ञानिक सोच के लिए प्रेरित करना था।प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मक क्षमता और वैज्ञानिक कौशल का परिचय देते हुए स्वयं विभिन्न मॉडल रॉकेट तैयार किए तथा उनका सफल प्रक्षेपण किया। जैसे ही रॉकेट तेज़ी से आकाश की ओर उड़े, पूरा विद्यालय परिसर तालियों की गड़गड़ाहट और विद्यार्थियों के उत्साह से गूंज उठा। इस रोमांचक दृश्य ने सभी उपस्थित लोगों को रोमांचित कर दिया। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने वैज्ञानिक सिद्धांतों को व्यवहारिक रूप में प्रस्तुत करते हुए अपनी प्रतिभा का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को रॉकेट विज्ञान, अंतरिक्ष अनुसंधान, उपग्रह तकनीक तथा आधुनिक वैज्ञानिक नवाचारों से जुड़ी महत्वपूर्ण एवं रोचक जानकारियां प्रदान कीं। उन्होंने विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए विज्ञान के क्षेत्र में उपलब्ध करियर की संभावनाओं पर भी विस्तार से प्रकाश डाला।

प्रतियोगिता में सीनियर वर्ग में शानेमीर एवं ज़फर की टीम “चंद्रयान-3” ने प्रथम, गुरनूर एवं अगमजोत की टीम “वैल्किरी” ने द्वितीय तथा तेजस्वी एवं गुरनीत की टीम “द वॉरियर्स (योद्धा)” ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं जूनियर वर्ग में वंशदीप एवं वंशदीप की टीम “फाल्कन एक्स” प्रथम, निखिल एवं आराध्य की टीम “द किंग्स (राजा)” द्वितीय तथा गुरपरवान एवं तेगबीर की टीम “टू ब्रदर्स एंड टू ब्लास्टर्स (दो भाई और दो ब्लास्टर्स)” तृतीय स्थान पर रही। विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, तार्किक सोच, नवाचार की भावना और आत्मविश्वास का विकास करती हैं। कार्यक्रम के सफल आयोजन पर छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं अभिभावकों ने उत्साह व्यक्त करते हुए इसे भविष्य के वैज्ञानिकों को प्रेरित करने वाली एक सार्थक पहल बताया। इस अवसर पर अकादमी के चेयरमैन सुखविंदर सिंह, चेयरपर्सन नवनीत कौर, प्रधानाचार्य जॉनसन समेत शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

वैज्ञानिक सोच ही विकसित भारत की मजबूत नींव : चेयरमैन सुखविंदर सिंह

काशीपुर (कशीपुर वार्ता)। एक ओंकार ग्लोबल अकादमी के चेयरमैन सुखविंदर सिंह ने कहा कि आज के दौर में विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, नवाचार और अनुसंधान की भावना विकसित करना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि ‘एस्ट्रो पाठशाला’ के अंतर्गत आयोजित आकाश यान स्पर्धा जैसी गतिविधियां विद्यार्थियों को पुस्तकीय ज्ञान से आगे बढ़कर प्रयोगात्मक शिक्षा से जोड़ती हैं। रॉकेट निर्माण और प्रक्षेपण जैसी प्रतियोगिताएं बच्चों में जिज्ञासा, रचनात्मकता, तार्किक सोच और आत्मविश्वास का विकास करती हैं। उन्होंने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल शैक्षणिक रूप से उत्कृष्ट बनाना नहीं, बल्कि उन्हें विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में नवाचार के लिए प्रेरित करना भी है। उन्होंने प्रतिभागी छात्र-छात्राओं की सराहना करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि ऐसे आयोजन भविष्य के वैज्ञानिकों, इंजीनियरों और शोधकर्ताओं के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे तथा देश को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में सहायक सिद्ध होंगे।

👁 935 Views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *