उदयराज हिंदू इंटर कॉलेज से निकली ब्लॉक स्तरीय तिरंगा रैली, गूंजे राष्ट्रभक्ति के नारे

ब्लॉक प्रमुख चंद्रप्रभा ने किया रैली का शुभारंभ, नगर के विभिन्न मार्गों से निकली तिरंगा यात्रा

काशीपुर (कशीपुर वार्ता)। उदयराज हिंदू इंटर कॉलेज में आयोजित ब्लॉक स्तरीय तिरंगा यात्रा का शुभारंभ ब्लॉक प्रमुख श्रीमती चंद्रप्रभा ने किया। इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी कमल किशोर पांडेय, खंड शिक्षा अधिकारी डी.के. साहू, उदयराज हिंदू इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य बृजेश कुमार गुप्ता तथा पं. गोविंद बल्लभ पंत इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य अजय शंकर कौशिक सहित अन्य अतिथि मौजूद रहे।
रैली के शुभारंभ अवसर पर एनसीसी कैडेट्स एवं एनएसएस स्वयंसेवक हाथों में तिरंगा लेकर साइकिलों पर सवार हुए। राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत नारों के साथ निकली तिरंगा यात्रा ने पूरे माहौल को देशभक्ति के रंग में रंग दिया।
मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख चंद्रप्रभा ने रैली में शामिल छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। यह राष्ट्रीय एकता और अखंडता की भावना को मजबूत करता है। उन्होंने देश के अमर शहीदों को नमन करते हुए युवाओं और विद्यार्थियों से अपने अंतर्मन में राष्ट्रभक्ति, समर्पण एवं त्याग की भावना को जागृत करने का आह्वान किया।
खंड शिक्षा अधिकारी डी.के. साहू ने कहा कि तिरंगा यात्रा का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में राष्ट्र के प्रति प्रेम, सम्मान और राष्ट्रीय भावना विकसित करना है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के जीवन और उनके त्याग से प्रेरणा लेकर विद्यार्थी देश के विकास में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।
तिरंगा यात्रा उदयराज हिंदू इंटर कॉलेज से प्रारंभ होकर नागनाथ मंदिर, मौहल्ला कानूनगोयान, लाहौरियान, किला बाजार, मेन मार्केट, नगर निगम रोड, महाराणा प्रताप चौक, चीमा चौराहा, माता मंदिर रोड एवं कटोराताल चौकी होते हुए पुनः उदयराज हिंदू इंटर कॉलेज पहुंचकर संपन्न हुई।
रैली में उदयराज हिंदू इंटर कॉलेज एवं पं. गोविंद बल्लभ पंत इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राओं के साथ ब्लॉक प्रमुख चंद्रप्रभा, खंड शिक्षा अधिकारी डी.के. साहू, खंड विकास अधिकारी कमल किशोर पांडेय, प्रधानाचार्य बृजेश कुमार गुप्ता, प्रधानाचार्य अजय शंकर कौशिक, एनसीसी अधिकारी मेजर मुनीशकांत शर्मा, मनोज कुमार शर्मा, कौशलेश गुप्ता, बलजीत सिंह, दीपक शर्मा, पंकज अग्रवाल, चौ. नवनीत सिंह, मनोज विश्नोई, कुमार अमित नारंग, अखिलेश कुमार, विपिन कुमार सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। तिरंगा यात्रा के दौरान भारत माता की जय, वंदे मातरम् और देशभक्ति के नारों से नगर का वातावरण राष्ट्रभक्ति से सराबोर रहा।

👁 978 Views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *