व्यापारियों ने एकजुट होकर जताई प्रतिबद्धता, अध्यक्ष योगेश बिश्नोई से नई कार्यकारिणी में प्रतिनिधित्व देने का किया अनुरोध
काशीपुर (कशीपुर वार्ता)। कुंडा ग्रामीण क्षेत्र के दवा व्यापारियों ने बुधवार को शिवम मेडिकल स्टोर, कुंडा चौराहा पर आयोजित बैठक में एकजुट होकर केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट वेलफेयर सोसाइटी काशीपुर के साथ अपनी दीर्घकालिक प्रतिबद्धता दोहराई। बैठक में क्षेत्र के सभी प्रमुख ग्रामीण दवा व्यापारियों ने भाग लिया और सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि वे पिछले 25 वर्षों से सोसाइटी के सदस्य रहे हैं तथा भविष्य में भी इसी संगठन के साथ जुड़े रहेंगे। बैठक के दौरान वक्ताओं ने कहा कि सोसाइटी ने समय-समय पर दवा व्यापारियों के हितों की रक्षा करने, प्रशासनिक एवं व्यावसायिक समस्याओं के समाधान तथा संगठनात्मक एकता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इसी विश्वास और सहयोग की भावना के चलते सभी ग्रामीण दवा व्यापारियों ने संगठन के साथ निरंतर जुड़े रहने का संकल्प लिया। इस अवसर पर व्यापारियों ने सोसाइटी के अध्यक्ष योगेश बिश्नोई से अनुरोध किया कि नई कार्यकारिणी में कुंडा ग्रामीण क्षेत्र के दवा व्यापारियों को भी प्रतिनिधित्व प्रदान किया जाए, ताकि ग्रामीण क्षेत्र की समस्याओं और सुझावों को संगठन स्तर पर प्रभावी ढंग से रखा जा सके। बैठक में उपस्थित व्यापारियों ने कहा कि मजबूत संगठन ही दवा व्यापारियों के अधिकारों और हितों की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने संगठन की एकता बनाए रखने और आगामी गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी का भी संकल्प लिया। बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई और अंत में सभी सदस्यों ने संगठन को और अधिक सशक्त बनाने के लिए मिलकर कार्य करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की। इस अवसर पर कुंडा क्षेत्र के करीब 30 दवा व्यवसायी मौजूद रहे।




