जीएसटी सर्वे को लेकर व्यापारियों और अधिकारियों में बनी सहमति

मेयर दीपक बाली की पहल पर हुई बैठक, व्यापारियों के लिए जल्द होगी विशेष कार्यशाला

काशीपुर (कशीपुर वार्ता)। प्रतिष्ठानों पर जीएसटी संबंधी सर्वे कार्रवाई को लेकर व्यापारियों में बनी चिंता के बीच मेयर दीपक बाली की पहल पर नगर निगम सभागार स्थित उनके कार्यालय में व्यापार मंडल, व्यापारियों और राजस्व कर विभाग के अधिकारियों की बैठक हुई। बैठक में जीएसटी से जुड़ी समस्याओं और उनके समाधान पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में कुमाऊं प्रभारी व्यापार मंडल अश्विनी छाबड़ा सहित बड़ी संख्या में व्यापारी तथा राजस्व कर विभाग की ओर से डिप्टी कमिश्नर वीर सिंह, असिस्टेंट कमिश्नर मितेश्वरानंद सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। मेयर दीपक बाली ने कहा कि व्यापारियों और विभाग के बीच संवाद बना रहना चाहिए तथा अनावश्यक भय का वातावरण नहीं होना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जीएसटी संबंधी किसी विसंगति की स्थिति में संबंधित व्यापारी को पहले कार्यालय बुलाकर उसकी स्थिति स्पष्ट करने और रिकॉर्ड व टैक्स संबंधी कमियों को दूर करने का अवसर दिया जाए। बैठक में टैक्स भुगतान, इनपुट टैक्स क्रेडिट, रिकॉर्ड में संभावित विसंगतियों और सर्वे कार्रवाई से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा हुई। अधिकारियों की ओर से कहा गया कि फिलहाल व्यापारियों को अपनी स्थिति स्पष्ट करने और आवश्यक सुधार का अवसर दिया जाएगा। हालांकि नियमों का पालन नहीं करने की स्थिति में नियमानुसार विभागीय कार्रवाई की जा सकती है। बैठक में व्यापारियों को जीएसटी नियमों की जानकारी देने के लिए विशेष कार्यशाला आयोजित करने पर सहमति बनी। इसमें जीएसटी अधिकारी, चार्टर्ड अकाउंटेंट और कर विशेषज्ञ व्यापारियों की शंकाओं का समाधान करेंगे। कार्यशाला एक सप्ताह से दस दिन के भीतर आयोजित किए जाने की बात कही गई। व्यापार मंडल के कुमाऊं प्रभारी अश्विनी छाबड़ा ने बैठक को व्यापारियों और विभाग के बीच संवाद की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। उन्होंने कहा कि व्यापारी कर व्यवस्था के अनुपालन के पक्ष में हैं, लेकिन समस्याओं का समाधान जागरूकता और संवाद के माध्यम से किया जाना चाहिए। व्यापारियों ने आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए अगले कुछ महीनों में सर्वे कार्रवाई से राहत की मांग भी रखी। उनका कहना था कि इस दौरान विभिन्न कारोबारों में बिक्री और स्टॉक बढ़ने के कारण अतिरिक्त व्यस्तता रहती है। बैठक में भाजपा प्रदेश प्रवक्ता गुरविंदर सिंह चंडोक, व्यापारी अशोक कुमार, अनुराग मित्तल, प्रतीक अग्रवाल, शिवम टंडन, राजीव परनामी, पुष्प अग्रवाल, दीपक कुमार, हितेश कुमार, राजीव, शुभम, आलोक अग्रवाल, धीरज अग्रवाल, गौरव पैगिया, शुभम अग्रवाल सहित अन्य व्यापारी मौजूद रहे।

 

👁 1,096 Views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *