रामनगर के सुप्रसिद्ध रिनेसां कॉलेज में नवागंतुक छात्र-छात्राओं का भव्य स्वागत

मिस्टर फ्रेशर सुशील रावत और मिस फ्रेशर अनिशा चुनी गईं

रामनगर (कशीपुर वार्ता)। रिनेसां कॉलेज में नवागंतुक छात्र-छात्राओं के स्वागत के लिए भव्य फ्रेशर्स पार्टी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नए विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए अपनी प्रतिभा और हुनर का प्रदर्शन किया। आयोजन का उद्देश्य नवागंतुकों को कॉलेज के शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक वातावरण से परिचित कराने के साथ ही वरिष्ठ विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद स्थापित करना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ कॉलेज के प्रबंध निदेशक आलोक गुसाई एवं निदेशक कुणाल मदान ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद वरिष्ठ छात्र-छात्राओं ने गायन, नृत्य और संगीत की आकर्षक प्रस्तुतियां देकर माहौल को जीवंत बना दिया। विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया, जिसे उपस्थितजनों ने तालियों की गड़गड़ाहट से सराहा। फ्रेशर्स पार्टी में नवागंतुक विद्यार्थियों के लिए भी विभिन्न सांस्कृतिक गतिविधियां आयोजित की गईं।

नए छात्र-छात्राओं ने मंच पर आत्मविश्वास के साथ गायन एवं नृत्य प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों में उत्साह और उमंग का माहौल बना रहा। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण मिस्टर एवं मिस फ्रेशर प्रतियोगिता रही। प्रतियोगिता में नवागंतुक विद्यार्थियों ने आत्मविश्वास, प्रतिभा, व्यक्तित्व और मंच पर अपनी प्रभावशाली प्रस्तुति के माध्यम से निर्णायकों को प्रभावित किया। विभिन्न चरणों के मूल्यांकन के बाद सुशील रावत को मिस्टर फ्रेशर और अनिशा को मिस फ्रेशर के खिताब से नवाजा गया। विजेताओं की घोषणा होते ही साथी विद्यार्थियों ने तालियों के साथ उनका उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर कॉलेज के निदेशक कुणाल मदान ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा के साथ-साथ सांस्कृतिक एवं रचनात्मक गतिविधियां विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों के आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और प्रतिभा को निखारने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने सभी नवागंतुक छात्र-छात्राओं को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

शिक्षा के साथ संस्कार और प्रतिभा का विकास जरूरी: प्रबन्ध निदेशक आलोक गुसाईं

रामनगर (कशीपुर वार्ता)। रिनेसां कॉलेज के प्रबंध निदेशक आलोक गुसाईं ने फ्रेशर्स पार्टी के अवसर पर नवागंतुक छात्र-छात्राओं का स्वागत करते हुए कहा कि कॉलेज जीवन केवल पुस्तकीय ज्ञान प्राप्त करने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह व्यक्तित्व निर्माण, आत्मविश्वास और प्रतिभा को निखारने का महत्वपूर्ण पड़ाव है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ सांस्कृतिक, रचनात्मक और सामाजिक गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ नए मित्र बनाने और आपसी सहयोग की भावना विकसित करने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने नवागंतुक विद्यार्थियों से अनुशासन, मेहनत और सकारात्मक सोच को अपने जीवन का आधार बनाने का आह्वान किया।
आलोक गुसाईं ने कहा कि कॉलेज प्रबंधन विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के साथ उनके सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने सभी नवागंतुकों को कॉलेज परिवार का हिस्सा बनने पर बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य और सफलता की शुभकामनाएं दीं।

👁 1,288 Views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *