प्रधानाचार्य डॉ. एस.के. चौबे ने कक्षाओं में दीप प्रज्वलित कर गुरु-शिष्य परंपरा के महत्व पर डाला प्रकाश
काशीपुर (कशीपुर वार्ता)। अलीगंज रोड स्थित डीएवी पब्लिक स्कूल, काशीपुर में आज शनिवार को शिक्षक दिवस के अवसर पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. एस.के. चौबे ने प्रत्येक कक्षा में जाकर दीप प्रज्वलित किया और विद्यार्थियों को शिक्षक दिवस के महत्व से अवगत कराया। प्रधानाचार्य डॉ. चौबे ने विद्यार्थियों को भारत के महान शिक्षाविद्, दार्शनिक एवं पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जीवन, व्यक्तित्व और कृतित्व की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि डॉ. राधाकृष्णन ने शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया और उनका संपूर्ण जीवन ज्ञान, संस्कार एवं शिक्षा के प्रति समर्पित रहा। उनके जन्मदिवस 5 सितंबर को देशभर में शिक्षक दिवस के रूप में मनाया जाता है। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षक का दायित्व केवल पाठ्यक्रम पूरा कराना और ज्ञान देना ही नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों को जीवन में सही दिशा दिखाना, उनके व्यक्तित्व का निर्माण करना और उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करना भी है। उन्होंने गुरु-शिष्य परंपरा की भारतीय संस्कृति में विशेष महत्ता पर भी प्रकाश डाला।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने अपने शिक्षकों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त की। विद्यालय परिसर में कार्यक्रम के दौरान श्रद्धा, सम्मान और उत्साह का वातावरण बना रहा। शिक्षक दिवस समारोह ने विद्यार्थियों को शिक्षकों के योगदान को समझने तथा उनके प्रति सम्मान की भावना को और मजबूत करने का संदेश दिया। कार्यक्रम में धर्मराज बिष्ट, बृजेश रावल, अमित नेगी, हीरा सिंह, आरती चौधरी, श्रीनिवास जोशी, उमेश शर्मा, कमल जीना, गीता उपाध्याय सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।





