महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज, देहरादून में 37वीं नॉर्थ जोन जूनियर एथलेटिक्स प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ

आठ राज्यों के 900 एथलीट दिखा रहे दमखम, 110 स्पर्धाओं में हो रहा मुकाबला; पहले दिन उत्तराखंड समेत विभिन्न राज्यों के खिलाड़ियों ने जीते पदक

देहरादून (कशीपुर वार्ता)। महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज, देहरादून में 14 से 16 सितंबर तक आयोजित तीन दिवसीय 37वीं नॉर्थ जोन जूनियर एथलेटिक्स प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता में उत्तर भारत के आठ राज्यों से करीब 900 एथलीट हिस्सा ले रहे हैं। अंडर-14, अंडर-16, अंडर-18 और अंडर-20 आयु वर्ग के बालक-बालिकाएं कुल 110 स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर मुख्य अतिथि उत्तरांचल ओलंपिक एसोसिएशन के सचिव डॉ. डीके सिंह ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। विशिष्ट अतिथि एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के डायरेक्टर कंपटीशन रविंद्र चौधरी, खेल विभाग के असिस्टेंट डायरेक्टर राजेश ममगाईं, ईटीवी के चीफ एडिटर अनुपम त्रिवेदी, पूर्व सूचना आयुक्त योगेश भट्ट, जिमनास्टिक संगठन के सचिव प्रमोद चौधरी, एथलेटिक संघ के कोषाध्यक्ष महेश चंद्र शाह, अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षक गुरुफूल सिंह, संघ के मुख्य कोच लोकेश कुमार तथा उत्तराखंड एथलेटिक्स सिलेक्शन कमेटी के अध्यक्ष विजेंद्र चौधरी ने विभिन्न स्पर्धाओं के विजेता खिलाड़ियों को पदक व पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया।
प्रतियोगिता में हरियाणा, उत्तर प्रदेश, पंजाब, चंडीगढ़, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और मेजबान उत्तराखंड के खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं। पहले दिन की स्पर्धाएं एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के डायरेक्टर कंपटीशन रविंद्र चौधरी की देखरेख में आयोजित हुईं। एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया और उत्तराखंड एथलेटिक्स एसोसिएशन के 60 तकनीकी अधिकारियों ने विभिन्न स्पर्धाओं का संचालन नियमानुसार कराया। आयोजन सचिव केजेएस कलसी ने बताया कि प्रतियोगिता के अगले दिन की स्पर्धाएं सुबह छह बजे से शुरू होकर शाम छह बजे तक चलेंगी। उन्होंने प्रतियोगिता के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी अतिथियों, तकनीकी अधिकारियों, प्रशिक्षकों और खेल संघ के पदाधिकारियों का आभार व्यक्त किया।

पहले दिन इन खिलाड़ियों ने मारी बाजी

अंडर-20 बालक वर्ग की 5000 मीटर रेस में चंडीगढ़ के बृजेश कुमार, 100 मीटर में उत्तर प्रदेश के सागर बालियान, 800 मीटर में हरियाणा के दीपेंद्र तथा डिस्कस थ्रो में पंजाब के देवास जग्गा ने प्रथम स्थान हासिल किया।
अंडर-18 बालक वर्ग की 100 मीटर दौड़ में दिल्ली के हर्षित शर्मा, डिस्कस थ्रो में हरियाणा के अखिल कुमार और जैवलिन थ्रो में उत्तर प्रदेश के वंश चौहान ने स्वर्ण पदक जीता। अंडर-16 बालक वर्ग में शॉटपुट में हरियाणा के रक्षित बेनीवाल तथा 60 मीटर दौड़ में उत्तराखंड के मयंक ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
अंडर-20 बालिका वर्ग की 5000 मीटर दौड़ में उत्तराखंड की सोनी सिंह, 100 मीटर में हरियाणा की मन्नत और 800 मीटर में उत्तर प्रदेश की आशी ने बाजी मारी। अंडर-18 बालिका वर्ग की 100 मीटर दौड़ में चंडीगढ़ की अंशिका शर्मा तथा हाई जंप में हरियाणा की अंजू प्रथम रहीं।
अंडर-16 बालिका वर्ग के शॉटपुट में हरियाणा की हनीप्रीत कौर और 60 मीटर दौड़ में उत्तराखंड की प्रियेजा गोरिया ने प्रथम स्थान हासिल किया। अंडर-14 बालिका वर्ग के ट्रायथलॉन-ए में पंजाब की तमन्ना तथा ट्रायथलॉन-बी में हरियाणा की पावनी ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
रिले स्पर्धाओं में भी खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। अंडर-18 बालक वर्ग की स्प्रिंट मेडली रिले में हरियाणा तथा अंडर-18 बालिका वर्ग की स्प्रिंट मेडली रिले में पंजाब की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।

 

👁 1,145 Views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *