काशीपुर छात्रसंघ के विजयी छात्र नेताओं ने महापौर दीपक बाली से लिया आशीर्वाद

गुरजिंदर सिंह अध्यक्ष और अभय प्रताप उपाध्यक्ष निर्वाचित, महापौर ने दी शुभकामनाएं

काशीपुर (कशीपुर वार्ता)। राधे हरि राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, काशीपुर के छात्रसंघ चुनाव में अध्यक्ष पद पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के गुरजिंदर सिंह बॉबी तथा उपाध्यक्ष पद पर अभय प्रताप के निर्वाचित होने के बाद दोनों ने महापौर दीपक बाली से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लिया। महापौर ने नवनिर्वाचित छात्र नेताओं को बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर महापौर दीपक बाली ने कहा कि छात्रसंघ चुनाव में गुरजिंदर सिंह और अभय प्रताप की जीत छात्रशक्ति के विश्वास और सकारात्मक सोच को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि छात्र प्रतिनिधियों की जिम्मेदारी केवल चुनाव तक सीमित नहीं रहती, बल्कि विद्यार्थियों की समस्याओं को उचित मंच तक पहुंचाने और महाविद्यालय के शैक्षणिक वातावरण को बेहतर बनाने में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका होती है।
महापौर ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष गुरजिंदर सिंह बॉबी और उपाध्यक्ष अभय प्रताप से छात्रहितों को प्राथमिकता देते हुए सक्रियता के साथ कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने उम्मीद जताई कि दोनों महाविद्यालय के विद्यार्थियों की समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाने के साथ ही शिक्षा, अनुशासन और सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने में सहयोग करेंगे।
उन्होंने कहा कि छात्रसंघ चुनाव विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भाग लेने और अपनी पसंद के प्रतिनिधि चुनने का अवसर प्रदान करता है। युवाओं में नेतृत्व क्षमता विकसित करने में भी ऐसी प्रक्रियाओं की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। महापौर ने चुनाव में भाग लेने वाले सभी छात्र-छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए लोकतांत्रिक प्रक्रिया में उनकी सहभागिता को महत्वपूर्ण बताया। इस दौरान पूर्व अध्यक्ष अमन शर्मा, रिंकु बिष्ट, मिंटू सिंह, परमीत सिंह, वरुण सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

 

👁 1,123 Views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *