सादगी, सत्य, अहिंसा और कर्तव्यनिष्ठा से प्रेरणा लेने का आह्वान, शिक्षकों ने महापुरुषों के जीवन पर डाला प्रकाश
काशीपुर (काशीपुर वार्ता)। उदयराज हिंदू इंटर कॉलेज में गुरुवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधानाचार्य बृजेश कुमार गुप्ता सहित शिक्षक-शिक्षिकाओं ने दोनों महापुरुषों के चित्रों पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को गांधी जी और शास्त्री जी के जीवन, विचारों तथा राष्ट्र के प्रति उनके योगदान से परिचित कराया गया।
जीव विज्ञान प्रवक्ता कौशलेश गुप्ता ने कहा कि महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री ने सत्ता, पद और ऐशो-आराम के बजाय जनसेवा को अपने जीवन का प्रमुख उद्देश्य बनाया। उनकी सादगी, उच्च विचार और राष्ट्रसेवा की भावना आज भी देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से दोनों महापुरुषों के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
उन्होंने सत्य, अहिंसा, स्वदेशी और सामाजिक समरसता के महत्व पर भी प्रकाश डाला। वरिष्ठ हिंदी प्रवक्ता महेश चंद्र आर्या ने कहा कि भारत-पाक युद्ध के दौरान लाल बहादुर शास्त्री ने दृढ़ नेतृत्व का परिचय देते हुए देश के सैनिकों और किसानों के सम्मान को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। उनका दिया नारा ‘जय जवान, जय किसान’ आज भी देश के लिए प्रेरणादायी है।
प्रधानाचार्य बृजेश कुमार गुप्ता ने कहा कि भारत की पहचान सत्य और अहिंसा जैसे मूल्यों से जुड़ी है। गांधी जी और शास्त्री जी की सादगी, सत्यनिष्ठा, अनुशासन एवं उच्च विचारों से प्रत्येक व्यक्ति को प्रेरणा लेनी चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्य ने सभी उपस्थित अतिथियों एवं शिक्षक-शिक्षिकाओं का आभार व्यक्त किया। इस दौरान मेजर मुनीशकांत शर्मा, विजयपाल सिंह चौहान, मनोज कुमार शर्मा, पंकज अग्रवाल, सुनील उपाध्याय, रणधीर सिंह, दीपक शर्मा, रमेश कुमार पाण्डेय, अनिल कुमार सिंह, चौ. नवनीत सिंह, मनोज बिश्नोई, अमित वर्मा, पूनम चंयाल, एकता अग्रवाल सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे।



