नगर निगम ने निकाली स्वच्छता रैली, पौधरोपण कर नागरिकों से जनभागीदारी बढ़ाने का किया आह्वान
काशीपुर (काशीपुर वार्ता)। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर नगर निगम काशीपुर की ओर से स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जनभागीदारी को लेकर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों के माध्यम से नागरिकों को स्वच्छ एवं हरित काशीपुर के निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया गया।
नगर निगम परिसर में सुबह नौ बजे आयोजित कार्यक्रम में महापौर दीपक बाली, नगर आयुक्त रविंद्र सिंह बिष्ट, नगर निगम के अधिकारियों-कर्मचारियों, पार्षदों, भाजपा पदाधिकारियों एवं गणमान्य नागरिकों ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद नगर निगम परिसर से स्वच्छता रैली निकाली गई। रैली सब्जी मंडी एवं तहसील रोड से होते हुए वापस नगर निगम परिसर पहुंची। इस दौरान लोगों को सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छता बनाए रखने और शहर को साफ रखने के प्रति जागरूक किया गया।
महापौर दीपक बाली ने नागरिकों से काशीपुर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने में सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि नगर निगम के प्रयासों के साथ नागरिकों की सक्रिय भागीदारी भी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से काशीपुर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है तथा आने वाली पीढ़ियों को बेहतर शहर दिया जा सकता है।
कार्यक्रमों की श्रृंखला में रामनगर रोड स्थित एचडीएफसी बैंक के सामने पौधरोपण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण और शहर को हराभरा बनाने के उद्देश्य से विभिन्न पौधे लगाए गए। पौधरोपण के साथ उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण का भी संदेश दिया गया।
नगर आयुक्त रविंद्र सिंह बिष्ट ने कहा कि महात्मा गांधी के स्वच्छता संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के लिए नागरिकों की सहभागिता महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ एवं हरित शहर के निर्माण के लिए नगर निगम के प्रयासों के साथ आमजन का सहयोग भी जरूरी है।
इस अवसर पर सहायक नगर आयुक्त विनोद लाल शाह, शालिनी नेगी, पार्षद पुष्कर बिष्ट, मनोज जग्गा, शाह आलम, भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष इंतजार हुसैन, एसआई गणेश ध्यानी, सुरेंद्र जीना, मुकेश कुमार, प्रकाश चंद नेगी, वरिष्ठ भाजपा नेता ईश्वर चंद्र गुप्ता, राजीव अरोड़ा, चौधरी समरपाल सिंह, हरीश जोशी सहित नगर निगम के कर्मचारी, पर्यावरण मित्र एवं नगर व क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।



