10 मरीजों ने मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए कराया पंजीकरण, चार का हुआ सफल ऑपरेशन
काशीपुर/मालधन चौड़ (कशीपुर वार्ता)। सूर्या फाउंडेशन आदर्श गांव योजना के तत्वावधान में इमेज आई केयर सेंटर के सहयोग से मालधन चौड़ में निःशुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर अपनी आंखों की जांच कराई। चिकित्सकों ने मरीजों को आवश्यक उपचार एवं सावधानियों के संबंध में परामर्श देने के साथ जरूरत के अनुसार आई ड्रॉप भी उपलब्ध कराई।
शिविर के दौरान ग्रामीणों को आयुष्मान कार्ड के माध्यम से मोतियाबिंद का निःशुल्क ऑपरेशन कराने की सुविधा के बारे में भी जानकारी दी गई। इमेज आई केयर सेंटर के चिकित्सक डॉ. अवनीश तथा सहयोगी प्रदीप कुमार और अमन ने मरीजों की आंखों की जांच की।
शिविर में करीब 150 लोगों की आंखों की जांच की गई। जांच के दौरान मोतियाबिंद से पीड़ित पाए गए 10 मरीजों ने ऑपरेशन के लिए पंजीकरण कराया, जबकि चार मरीजों का उसी दिन सफलतापूर्वक ऑपरेशन किया गया। कार्यक्रम में ग्राम प्रधान जितेश टम्टा, क्षेत्र प्रमुख हिमांशु, स्वरोजगार प्रमुख भरत साह तथा शिक्षक संध्या कोहली, प्रिया लोहनी और मुस्कान आर्य सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
सूर्या फाउंडेशन की इस पहल से क्षेत्र के ग्रामीणों को उनके नजदीक ही नेत्र जांच एवं उपचार की सुविधा उपलब्ध हुई। ग्रामीणों ने निःशुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर आयोजित करने के लिए सूर्या फाउंडेशन एवं इमेज आई केयर सेंटर का आभार व्यक्त किया।



