कोतवाली पुलिस ने साइबर अपराध से बचाव को लेकर स्कूली बच्चों को किया जागरूक

विद्यार्थियों को साइबर बुलिंग, ऑनलाइन गेमिंग और सोशल मीडिया सुरक्षा के प्रति किया सचेत

काशीपुर (काशीपुर वार्ता)। साइबर अपराधों की बढ़ती चुनौतियों के बीच लोगों, विशेषकर बच्चों और युवाओं को ऑनलाइन गतिविधियों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से काशीपुर पुलिस की ओर से साइबर जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के तहत शनिवार को कोतवाली काशीपुर पुलिस ने गोविंद बल्लभ पंत इंटर कॉलेज तथा कृष्णा पब्लिक स्कूल में छात्र-छात्राओं को साइबर सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को साइबर बुलिंग, ऑनलाइन गेमिंग, सोशल मीडिया सेफ्टी और प्राइवेसी अवेयरनेस जैसे विषयों के बारे में विस्तार से समझाया। पुलिस ने बच्चों को बताया कि इंटरनेट और सोशल मीडिया का उपयोग करते समय थोड़ी सी लापरवाही भी साइबर ठगी, ऑनलाइन उत्पीड़न अथवा निजी जानकारी के दुरुपयोग का कारण बन सकती है।

निजी जानकारी साझा न करने की दी सलाह

जागरूकता कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपनी व्यक्तिगत जानकारी, मोबाइल नंबर, पासवर्ड, बैंक संबंधी विवरण और अन्य संवेदनशील जानकारी अनजान लोगों के साथ साझा नहीं करने की सलाह दी गई। साथ ही सोशल मीडिया अकाउंट की प्राइवेसी सेटिंग्स को सुरक्षित रखने और अनजान लिंक, मैसेज अथवा संदिग्ध ऑनलाइन ऑफर पर क्लिक करने से बचने के लिए कहा गया।पुलिस ने साइबर बुलिंग के संबंध में विद्यार्थियों को बताया कि यदि कोई व्यक्ति ऑनलाइन माध्यम से परेशान करता है, आपत्तिजनक संदेश भेजता है या धमकाता है तो उसे नजरअंदाज करने के बजाय इसकी जानकारी अभिभावकों, शिक्षकों अथवा पुलिस को दी जानी चाहिए।

ऑनलाइन गेमिंग में सावधानी बरतने पर जोर

पुलिस ने ऑनलाइन गेमिंग के दौरान अनजान लोगों से संपर्क, संदिग्ध लिंक और किसी भी प्रकार के भुगतान संबंधी आग्रह से सतर्क रहने की सलाह दी। विद्यार्थियों से कहा गया कि इंटरनेट का उपयोग ज्ञान और रचनात्मक गतिविधियों के लिए करें तथा किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि की जानकारी तुरंत अपने परिजनों अथवा संबंधित अधिकारियों को दें। काशीपुर पुलिस ने विद्यार्थियों से साइबर सुरक्षा के नियमों का पालन करने और अपने आसपास के लोगों को भी डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक करने की अपील की। अभियान का उद्देश्य बच्चों को सुरक्षित डिजिटल वातावरण उपलब्ध कराने के साथ उन्हें साइबर अपराधों से बचाव के प्रति सजग बनाना रहा।

 

👁 1,439 Views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *