काशीपुर में आईएमए-एएमएस के दो दिवसीय स्टेट एनुअल कॉन्फ्रेंस का समापन

विशेषज्ञ चिकित्सकों ने आधुनिक उपचार पद्धतियों पर किया मंथन, विभिन्न चिकित्सा विषयों पर साझा की नवीनतम जानकारी

काशीपुर (कशीपुर वार्ता)। बाजपुर रोड स्थित एक रिजॉर्ट में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए)-एएमएस की ओर से आयोजित दो दिवसीय स्टेट एनुअल कॉन्फ्रेंस का रविवार को विधिवत समापन हो गया। 19 सितंबर से शुरू हुए सम्मेलन में प्रदेशभर से पहुंचे विशेषज्ञ चिकित्सकों ने चिकित्सा क्षेत्र में हो रहे नवीनतम विकास, आधुनिक उपचार पद्धतियों और बदलती स्वास्थ्य चुनौतियों पर व्यापक मंथन किया। विभिन्न विशेषज्ञ सत्रों में चिकित्सकों ने अपने अनुभव एवं नवीनतम चिकित्सा ज्ञान साझा किया। सम्मेलन का शुभारंभ आईएमए उत्तराखंड के सचिव डॉ. डीडी चौधरी ने सैकड़ों चिकित्सकों की मौजूदगी में दीप प्रज्वलित कर किया। सम्मेलन के दौरान नेफ्रोलॉजी, वयस्क टीकाकरण, रक्त विकार एवं बोन मैरो ट्रांसप्लांट, एंडोक्राइनोलॉजी, न्यूरोलॉजी, त्वचा रोग, बांझपन प्रबंधन तथा मोटापा एवं वजन प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण चिकित्सा विषयों पर विशेषज्ञ सत्र आयोजित किए गए। वक्ताओं ने बदलती जीवनशैली से उत्पन्न स्वास्थ्य चुनौतियों और उनके आधुनिक उपचार के विभिन्न पहलुओं पर चिकित्सकों का मार्गदर्शन किया। डॉ. सुनील प्रकाश ने फैमिली फिजिशियन के लिए नेफ्रोलॉजी की प्रैक्टिस, डॉ. रविकांत ने वयस्क टीकाकरण तथा डॉ. धर्मा चौधरी ने रक्त विकार एवं बोन मैरो ट्रांसप्लांट से जुड़े विषयों पर जानकारी साझा की। डॉ. ऋषि शुक्ला ने एंडोक्राइनोलॉजी एवं मधुमेह से संबंधित विषयों पर चर्चा की, जबकि डॉ. शीतला प्रसाद पाठक ने माइग्रेन सहित न्यूरोलॉजी से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डाला। जीएलपी-1 आधारित वजन कम करने के बाद त्वचा एवं शरीर में होने वाले बदलावों पर डॉ. अनमोल चुग ने जानकारी दी। प्रो. (डॉ.) श्रुति बरनवाल, डॉ. अनुपमा फूटेला तथा काशीपुर की एंडोक्राइनोलॉजिस्ट डॉ. पारुल सिंघल ने भी विभिन्न सत्रों में अपने विचार रखे। इसके अलावा टिरजेपाटाइड के माध्यम से मोटापा एवं वजन प्रबंधन विषय पर पैनल डिस्कशन आयोजित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि चिकित्सा क्षेत्र तेजी से बदल रहा है और ऐसे वैज्ञानिक सम्मेलन चिकित्सकों को नवीनतम शोध, उपचार तकनीकों एवं चिकित्सा पद्धतियों से अपडेट रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। विशेषज्ञों के बीच ज्ञान एवं अनुभव का आदान-प्रदान अंततः मरीजों को बेहतर और आधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में सहायक होता है। आयोजन समिति में आयोजन अध्यक्ष डॉ. एस. पी. गुप्ता, आयोजन उपाध्यक्ष डॉ. अरविंद शर्मा, आयोजन सचिव डॉ. आर. के. शर्मा, आयोजन संयुक्त सचिव डॉ. नक्षत्र अग्रवाल तथा कोषाध्यक्ष डॉ. रजत गुप्ता ने सम्मेलन के संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। आईएमए काशीपुर के अध्यक्ष डॉ. पी. के. दीक्षित एवं सचिव डॉ. तरुण सोलंकी समेत स्थानीय चिकित्सकों की भी आयोजन में सक्रिय सहभागिता रही। इस अवसर पर आईएमए उत्तराखंड के कार्यवाहक अध्यक्ष डॉ. यशपाल रावत, आईएमए एएमएस उत्तराखंड के राज्य अध्यक्ष डॉ. सतांशु माथुर, राज्य उपाध्यक्ष डॉ. उमेश कुमार सुंदास, राज्य सचिव डॉ. प्रदीप पांडे, एएमएस सदस्य डॉ. सीमा सिंह, डॉ. मयंक अग्रवाल, डॉ. पारुल अग्रवाल, डॉ. नीरजा पंत एवं डॉ. नूतन दरदा जैन एवं डॉ. राजीव गुप्ता, डॉ. आर. के. शर्मा, डॉ. शत्रुंजय शर्मा, डॉ. वीना जोशी, डॉ. नरेश चौहान, डॉ. पुनीत बंसल, डॉ. अमरजीत साहनी सहित बड़ी संख्या में चिकित्सक मौजूद रहे।

👁 1,371 Views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *