बहुउद्देशीय शिविर में सभी विभागों के नोडल अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि रहेंगे मौजूद
काशीपुर (काशीपुर वार्ता)। आमजन को सरकारी योजनाओं एवं जनकल्याणकारी सेवाओं का लाभ सरलता से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आगामी 5 अक्टूबर को बगेलावाला में बहुद्देशीय शिविर का आयोजन किया जा रहा है। शिविर में विभिन्न विभागों के नोडल अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहेंगे तथा आमजन की समस्याओं का मौके पर समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा। शिविर की कोऑर्डिनेटर सृष्टि आहुजा बंसल, जिला उपाध्यक्ष, काशीपुर एवं प्रभारी, काशीपुर ग्रामीण मंडल ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचने की अपील की है। उन्होंने बताया कि शिविर में ऐसे सभी पात्र लाभार्थी पहुंच सकते हैं, जिन्हें अभी तक किसी सरकारी योजना का लाभ नहीं मिल पाया है। इसके अलावा जिन लोगों के आवश्यक दस्तावेज, प्रमाण-पत्र अथवा अन्य कागजात नहीं बन पाए हैं, वे भी शिविर में पहुंचकर संबंधित विभाग के अधिकारियों से संपर्क कर सकते हैं।
शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ पात्रता, आवेदन प्रक्रिया एवं लंबित प्रकरणों के संबंध में आवश्यक मार्गदर्शन देंगे। लाभार्थियों की समस्याओं को संबंधित अधिकारियों के समक्ष रखा जाएगा, ताकि पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाने की दिशा में आवश्यक कार्यवाही की जा सके। सृष्टि आहुजा बंसल ने कहा कि बहुद्देशीय शिविर का उद्देश्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना और आमजन की समस्याओं का समाधान उनके क्षेत्र में ही उपलब्ध कराना है। उन्होंने विशेष रूप से ऐसे लोगों से शिविर में पहुंचने का आग्रह किया, जिनका किसी योजना का लाभ लंबित है अथवा दस्तावेजों के अभाव में वे सरकारी सुविधाओं से वंचित रह गए हैं। उन्होंने कहा कि “कोई भी पात्र व्यक्ति जानकारी, मार्गदर्शन या दस्तावेजों के अभाव में सरकारी योजना के लाभ से वंचित न रहे, इसी उद्देश्य से यह बहुद्देशीय शिविर आयोजित किया जा रहा है।” क्षेत्रवासियों से अपील की गई है कि वे अपनी समस्या से संबंधित उपलब्ध दस्तावेज एवं पहचान संबंधी कागजात साथ लेकर शिविर में पहुंचें, ताकि संबंधित विभाग द्वारा आवश्यक कार्यवाही की जा सके।


