नियोनेटोलॉजी में उल्लेखनीय योगदान पर उत्तराखंड नियोनेटल सोसाइटी ने किया सम्मानित
काशीपुर (काशीपुर वार्ता)। सहोता मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल के प्रबन्धक एवं सुप्रसिद्ध शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. रवि सहोता को नवजात शिशुओं की चिकित्सा एवं विशेष देखभाल के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए उत्तराखंड नियोनेटल सोसाइटी द्वारा राज्य पुरस्कार से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें नियोनेटोलॉजी के क्षेत्र में उनके समर्पण, सेवाभाव और चिकित्सा योगदान के लिए प्रदान किया गया।
डॉ. रवि सहोता लंबे समय से नवजात शिशुओं की चिकित्सा देखभाल से जुड़े हुए हैं। विशेष रूप से समय से पहले जन्मे (प्री-टर्म), कम वजन वाले तथा जन्म के बाद विशेष चिकित्सा देखभाल की आवश्यकता वाले नवजात शिशुओं के उपचार एवं देखभाल में उनके योगदान को महत्वपूर्ण माना गया है। उनके प्रयासों से गंभीर अवस्था में अस्पताल पहुंचने वाले नवजातों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिली है। राज्य पुरस्कार से सम्मानित किए जाने पर डॉ. रवि सहोता ने उत्तराखंड नियोनेटल सोसाइटी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान उनके लिए गौरव का क्षण है। उन्होंने कहा कि मेहनत, ईमानदारी और समर्पण से अर्जित सम्मान खरीदे हुए पुरस्कारों से कहीं अधिक महत्वपूर्ण होते हैं। ऐसे सम्मान चिकित्सक के कार्य के प्रति लोगों के विश्वास और सम्मान का सच्चा प्रतिबिंब होते हैं।।उन्होंने कहा कि नवजात शिशुओं की चिकित्सा केवल उपचार तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें चिकित्सकीय दक्षता के साथ संवेदनशीलता, सतर्कता और निरंतर निगरानी की भी आवश्यकता होती है। इस दिशा में बेहतर चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराना उनका निरंतर प्रयास रहेगा। डॉ. रवि सहोता को राज्य पुरस्कार मिलने की खबर से चिकित्सा जगत में भी खुशी का माहौल है। डॉक्टरों, चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं गणमान्य नागरिकों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।


