होली एंजेल पब्लिक स्कूल काशीपुर के लिए गौरव के क्षण: निदेशक-प्रधानाचार्य सुबोध कुमार सिंह
काशीपुर (काशीपुर वार्ता)। होली एंजेल पब्लिक स्कूल के चेयरमैन अमित सिंह को शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रतिष्ठित जागरण आइकॉन अवॉर्ड-2026 से सम्मानित किया गया। शनिवार को बाजपुर रोड स्थित एक होटल के सभागार में दैनिक समाचार पत्र द्वारा आयोजित सम्मान समारोह में उत्तराखंड के पंचायती राज, आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास मंत्री मदन कौशिक ने उन्हें यह सम्मान प्रदान किया। सम्मान प्राप्त करने के बाद अमित सिंह ने निर्णायक मंडल का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर कार्य करने और विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने का उनका प्रयास निरंतर जारी रहेगा। उन्होंने इस सम्मान को अपने साथ जुड़े सभी शिक्षकों, विद्यार्थियों, अभिभावकों और विद्यालय परिवार के सामूहिक प्रयासों का परिणाम बताया। विद्यालय के निदेशक-प्रधानाचार्य सुबोध कुमार सिंह ने अमित सिंह को बधाई देते हुए कहा कि यह प्रतिष्ठित सम्मान पूरे एचएपीएस परिवार के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि अमित सिंह के दूरदर्शी नेतृत्व, शिक्षा के प्रति समर्पण और उत्कृष्टता हासिल करने की निरंतर प्रतिबद्धता ने विद्यालय को नई पहचान दिलाई है। उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल ज्ञान अर्जन का माध्यम नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण और उनके उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है। विद्यालय प्रबंधन इसी उद्देश्य के साथ निरंतर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर शैक्षिक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए प्रयासरत है। होली एंजेल परिवार के शिक्षकों और सदस्यों ने चेयरमैन अमित सिंह को इस उपलब्धि पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह सम्मान विद्यालय परिवार के लिए प्रेरणादायी उपलब्धि है और अमित सिंह की सफलता सभी को शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्टता की दिशा में निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।



