रिनेसां कॉलेज ऑफ होटल मैनेजमेंट में रक्तदान शिविर आयोजित,71 यूनिट रक्त एकत्र

विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर किया स्वैच्छिक रक्तदान; रक्तदाताओं को प्रमाण-पत्र देकर किया सम्मानित

रामनगर/बसई (काशीपुर वार्ता)। रिनेसां कॉलेज ऑफ होटल मैनेजमेंट में आज मंगलवार 06 अक्टूबर को काशी चैरिटेबल ब्लड बैंक के सहयोग से एक दिवसीय स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ प्रातः 10 बजे कॉलेज के प्रबंध निदेशक आलोक गुसाईं ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर उन्होंने रक्तदान को मानव सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम बताते हुए अधिक से अधिक लोगों से स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आने का आह्वान किया।

शिविर में कॉलेज के विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए रक्तदान किया। रक्तदान से पूर्व विशेषज्ञों द्वारा रक्तदाताओं के ब्लड ग्रुप, रक्तचाप एवं हीमोग्लोबिन सहित आवश्यक स्वास्थ्य मानकों की जांच की गई। इसके बाद चिकित्सकीय प्रक्रिया के तहत रक्त संग्रह किया गया। शिविर के दौरान कुल 71 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया, जिसे सुरक्षित रूप से काशी चैरिटेबल ब्लड बैंक को सौंप दिया गया। रक्तदान करने वाले प्रतिभागियों को कॉलेज प्रबंधन की ओर से प्रमाण-पत्र एवं पौष्टिक आहार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर कॉलेज प्रबंधन ने कहा कि रक्तदान केवल किसी जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन को बचाने का माध्यम ही नहीं, बल्कि समाज के प्रति जिम्मेदारी और मानवीय संवेदना का परिचायक भी है। एक स्वस्थ व्यक्ति द्वारा किया गया स्वैच्छिक रक्तदान किसी गंभीर रूप से बीमार, दुर्घटनाग्रस्त अथवा आपात स्थिति में जीवन के लिए संघर्ष कर रहे व्यक्ति के लिए बेहद महत्वपूर्ण साबित हो सकता है। शिविर के दौरान विद्यार्थियों एवं स्टाफ में विशेष उत्साह और सेवा भावना देखने को मिली। प्रतिभागियों ने भविष्य में भी ऐसे सामाजिक एवं जनसेवा से जुड़े आयोजनों में सक्रिय भागीदारी का संकल्प व्यक्त किया। कॉलेज प्रबंधन ने शिविर को सफल बनाने में सहयोग करने वाले काशी चैरिटेबल ब्लड बैंक की टीम, रक्तदाताओं तथा संस्थान के सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया। कॉलेज प्रबंधन ने कहा कि समाज में स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए इस प्रकार के आयोजन निरंतर किए जाने आवश्यक हैं।

रक्तदान मानवता की सच्ची सेवा, जरूरतमंद का जीवन बचाना हमारा दायित्व : आलोक गुसाईं

रामनगर (काशीपुर वार्ता)। कॉलेज के प्रबन्ध निदेशक आलोक गुसाई ने कहा रक्तदान महज एक सामाजिक कार्य नहीं, बल्कि मानवता के प्रति हमारी जिम्मेदारी और संवेदनशीलता का प्रतीक है। हमारे द्वारा दान की गई रक्त की एक यूनिट किसी जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन को बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। रिनेसां कॉलेज ऑफ होटल मैनेजमेंट में आयोजित रक्तदान शिविर में विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने जिस उत्साह और सेवा भावना के साथ सहभागिता की, वह अत्यंत सराहनीय है। उन्होंने कहा हमारा उद्देश्य विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक दायित्वों के प्रति जागरूक और संवेदनशील नागरिक बनाना भी है। शिविर में 71 यूनिट रक्त एकत्रित होना इस बात का प्रमाण है कि युवा पीढ़ी समाजसेवा के प्रति पूरी तरह सजग है। उन्होने सभी रक्तदाताओं, काशी चैरिटेबल ब्लड बैंक की टीम तथा आयोजन को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी सदस्यों का हृदय से आभार व्यक्त कर कहा हम भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी आयोजनों को निरंतर प्रोत्साहित करते रहेंगे।

👁 1,393 Views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *