गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की पहचान बना ज्ञानार्थी कॉलेज, जागरण आइकॉन अवॉर्ड से सम्मानित

मंत्री मदन कौशिक ने सचिव शिवानी मेहरोत्रा और एकेडमिक डायरेक्टर डॉ. मनोज मिश्रा को प्रदान किया सम्मान

काशीपुर (काशीपुर वार्ता)। शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार, गुणवत्तापूर्ण शिक्षण और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की दिशा में उल्लेखनीय योगदान के लिए ज्ञानार्थी कॉलेज को प्रतिष्ठित जागरण आइकॉन अवॉर्ड-2026 से सम्मानित किया गया। शनिवार को बाजपुर रोड स्थित एक होटल के सभागार में आयोजित सम्मान समारोह में उत्तराखंड के पंचायती राज, आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास मंत्री मदन कौशिक ने कॉलेज की सचिव शिवानी मेहरोत्रा और एकेडमिक डायरेक्टर डॉ. मनोज मिश्रा को यह सम्मान प्रदान किया। सम्मान प्राप्त करने के बाद शिवानी मेहरोत्रा और डॉ. मनोज मिश्रा ने निर्णायक मंडल का आभार जताया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ ऐसा वातावरण उपलब्ध कराना कॉलेज की प्राथमिकता है, जिसमें उनके ज्ञान, व्यक्तित्व और नेतृत्व क्षमता का विकास हो सके। उन्होंने कहा कि यह सम्मान कॉलेज से जुड़े शिक्षकों, विद्यार्थियों, अभिभावकों और समूचे संस्थान के सामूहिक प्रयासों का प्रतिफल है। कॉलेज के चेयरमैन संतोष मेहरोत्रा और इंस्टीट्यूशनल हेड प्रतिमा सिंह ने उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान ज्ञानार्थी परिवार के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि संस्था का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल डिग्री तक सीमित शिक्षा देना नहीं, बल्कि उन्हें आत्मविश्वासी, जिम्मेदार और भविष्य की चुनौतियों के लिए सक्षम बनाना है। इसी उद्देश्य के साथ शैक्षिक गुणवत्ता और सकारात्मक वातावरण को लगातार बेहतर किया जा रहा है। कॉलेज के रजिस्ट्रार सतीश कांडपाल सहित शिक्षकों और स्टाफ सदस्यों ने भी सम्मान मिलने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि संस्थान को शिक्षा के क्षेत्र में और बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित करेगी। सम्मान समारोह में मिली यह पहचान ज्ञानार्थी कॉलेज की शैक्षिक उपलब्धियों और निरंतर प्रगति की दिशा में महत्वपूर्ण पड़ाव मानी जा रही है।

 

👁 1,031 Views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *