ज्ञानार्थी डांडिया नाइट 2026 में फिल्म-टीवी अभिनेत्री पूजा गौर होंगी मुख्य सेलिब्रिटी गेस्ट

‘मन की आवाज प्रतिज्ञा’ फेम पूजा गौर की मौजूदगी से सजेगी नवरात्रि की विशेष शाम, संगीत, गरबा और डांडिया का रहेगा आकर्षण

काशीपुर (काशीपुर वार्ता)। ज्ञानार्थी कॉलेज की ओर से आयोजित होने वाली बहुप्रतीक्षित डांडिया नाइट 2026 इस बार फिल्म और टेलीविजन जगत की चर्चित अभिनेत्री पूजा गौर की मौजूदगी से खास बनने जा रही है। लोकप्रिय टीवी धारावाहिक ‘मन की आवाज प्रतिज्ञा’ में प्रतिज्ञा की भूमिका से घर-घर पहचान बनाने वाली पूजा गौर कार्यक्रम में मुख्य सेलिब्रिटी गेस्ट के रूप में शिरकत करेंगी। उनकी उपस्थिति को लेकर कॉलेज के छात्र-छात्राओं के साथ ही डांडिया प्रेमियों में भी खासा उत्साह है।
ज्ञानार्थी कॉलेज में 16 अक्टूबर 2026, शुक्रवार को शाम 5 बजे से डांडिया नाइट का आयोजन किया जाएगा। नवरात्रि के उल्लास से सराबोर इस विशेष कार्यक्रम में संगीत, डांडिया, गरबा और मनोरंजन की रंगारंग प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी। कॉलेज की सचिव शिवानी मेहरोत्रा के अनुसार कार्यक्रम को यादगार बनाने के लिए विशेष तैयारियां की जा रही हैं।

अभिनय के क्षेत्र में बनाई अलग पहचान

पूजा गौर ने टेलीविजन के साथ-साथ फिल्मों और वेब सीरीज में भी काम किया है। धारावाहिक ‘मन की आवाज प्रतिज्ञा’ में मुख्य भूमिका ने उन्हें व्यापक लोकप्रियता दिलाई। इसके अलावा उन्होंने ‘कितनी मोहब्बत है’, ‘एक नई उम्मीद-रोशनी’, ‘सावधान इंडिया’ और ‘कोई आने को है’ जैसे टेलीविजन कार्यक्रमों में भी अभिनय किया है। वह ‘लाखों में एक’ जैसे कार्यक्रम की मेजबानी भी कर चुकी हैं। फिल्मों और वेब सीरीज में भी पूजा गौर विभिन्न भूमिकाओं में नजर आई हैं। ‘केदारनाथ’, ‘गली बॉय’, श्रीकांत बशीर, ‘गन्स एंड गुलाब्स’, ‘द वर्डिक्ट: स्टेट वर्सेज नानावटी’, ‘श्रीकांत बशीर’ और ‘आईसी 814: द कंधार हाईजैक’ और अदृश्यम जैसे प्रोजेक्ट उनके अभिनय सफर का हिस्सा रहे हैं।

डांडिया और गरबा की धुन पर झूमेंगे प्रतिभागी

ज्ञानार्थी कॉलेज की डांडिया नाइट प्रत्येक वर्ष छात्र-छात्राओं के लिए उत्साह और मनोरंजन का प्रमुख आयोजन रहती है। इस बार पूजा गौर की मौजूदगी कार्यक्रम में सेलिब्रिटी आकर्षण जोड़ने जा रही है। नवरात्रि की थीम पर आयोजित होने वाली इस शाम में प्रतिभागी पारंपरिक परिधानों में डांडिया और गरबा का आनंद लेते नजर आएंगे। कॉलेज के अकेडमिक डॉयरेक्टर डॉ. मनोज मिश्रा का कहना है कि कार्यक्रम में संगीत और नृत्य के साथ मनोरंजन की विभिन्न गतिविधियां भी शामिल रहेंगी। कॉलेज परिसर में होने वाली इस विशेष शाम को लेकर तैयारियां जारी हैं और आयोजन को भव्य स्वरूप देने पर जोर दिया जा रहा है।

 

👁 1,161 Views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *