विश्व स्पाइन दिवस पर रोटरी क्लब ने बांटे हेलमेट, सड़क सुरक्षा का दिया संदेश

एसपी सिटी स्वप्न किशोर की मौजूदगी में सिर और रीढ़ की गंभीर चोटों से बचाव के प्रति किया जागरूक

काशीपुर (काशीपुर वार्ता)। विश्व स्पाइन दिवस के अवसर पर रोटरी क्लब ऑफ काशीपुर कॉर्बेट ने सहोता हॉस्पिटल एवं आईएपी उत्तराखंड के सहयोग से हेलमेट वितरण और सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। एसपी सिटी स्वप्न किशोर की उपस्थिति में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट वितरित कर सुरक्षित यातायात के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में चिकित्सकों, अस्पताल कर्मचारियों और रोटरी क्लब के सदस्यों ने वाहन चालकों को हेलमेट पहनकर ही दोपहिया वाहन चलाने, यातायात नियमों का पालन करने और सड़क पर सावधानी बरतने के लिए प्रेरित किया। वक्ताओं ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में सिर और रीढ़ की हड्डी में गंभीर चोट लगने का खतरा रहता है। ऐसे में हेलमेट का नियमित इस्तेमाल दुर्घटना के दौरान गंभीर चोटों के जोखिम को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

इस पहल का उद्देश्य लोगों में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ ही रीढ़ की हड्डी और सिर की चोटों से बचाव का संदेश जन-जन तक पहुंचाना रहा। आयोजकों ने सुरक्षित वाहन संचालन को व्यक्तिगत ही नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी बताते हुए लोगों से यातायात नियमों का गंभीरता से पालन करने की अपील की। कार्यक्रम में रोटरी क्लब ऑफ काशीपुर कॉर्बेट के अध्यक्ष डॉ. रवि सहोता, सचिव ह्राघव कपूर, आगामी अध्यक्ष धनराज चीमा, सुखविंदर सिंह, नितिन सिंघल और विराट अरोड़ा मौजूद रहे।

सहोता हॉस्पिटल की ओर से न्यूरो एवं स्पाइन सर्जन डॉ. गुरपाल सिंह सहित डॉ. नवप्रीत कौर, डॉ. अमित मौर्य, डॉ. अशाक हुसैन, डॉ. अशफाक भट्ट, डॉ. विक्रम, डॉ. मोहनिश, डॉ. ज़ैद, डॉ. नितिन अग्रवाल, डॉ. गुरदीप और मनदीप सिंह समेत अन्य कर्मचारियों ने कार्यक्रम में सहभागिता की।

रोटरी क्लब ऑफ काशीपुर कॉर्बेट की इस पहल के माध्यम से समाजसेवा के साथ सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया गया। आयोजकों ने नागरिकों से अपील की कि वे स्वयं हेलमेट पहनें और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें, क्योंकि सावधानी, यातायात नियमों का पालन और हेलमेट का नियमित उपयोग जीवन की सुरक्षा के लिए बेहद जरूरी है।

 

 

👁 61,081 Views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *